यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Coronavirus Update: उत्तराखंड के आज मंगलवार को 11 जिलों में कोरोना का नया मामला नहीं आया सामने
Uttarakhand Coronavirus Update आज मंगलवार को उत्तराखंड कोरोना संक्रमण के सात नए मामले सामने आए हैं। वहीं 24 घंटे में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Coronavirus Update: उत्तराखंड के 11 जिलों में मंगलवार को कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया, जबकि दो अन्य जिलों में सात नए मरीज मिले हैं। कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है और आठ मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में फिलवक्त कोरोना के 151 सक्रिय मामले हैं। देहरादून में सबसे ज्यादा 107 सक्रिय मरीज हैं। जबकि रुद्रप्रयाग व टिहरी गढ़वाल में अभी कोई सक्रिय मामला नहीं है। वहीं, आठ जिलों में सक्रिय मामले दस से कम हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निजी व सरकारी लैब से 10 हजार 620 सैंपल की रिपोर्ट मिली, जिनमें 10 हजार 613 सैंपल निगेटिव आए हैं। दैनिक संक्रमण दर 0.07 फीसदी रही है। देहरादून में सबसे ज्यादा छह लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं उत्तरकाशी में भी एक नया मामला आया है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल व ऊधमसिंह नगर में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है। अब तक राज्य में कोरोना के तीन लाख 43 हजार 911 मामले आए हैं। जिनमें 33 हजार 209 मरीज (96.02 प्रतिशत) स्वस्थ हो गए हैं। अब तक कोरोना संक्रमित 7401 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
40 हजार 156 व्यक्तियों का टीकाकरण
राज्य में 1017 केंद्रों पर 40 हजार 156 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। वहीं अब तक 74 लाख 84 हजार 763 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है। 39 लाख 79 हजार सात का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। 18 से 44 आयु वर्ग के भी 45 लाख 319 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली और 18 लाख एक हजार 386 को दोनों खुराक लग चुकी हैं।
तीन और व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि
दून में रोजाना डेंगू के नए मामले मिल रहे हैं। इससे स्वास्थ्य महकमा सकते में है और आमजन चिंता में। मंगलवार को भी तीन और व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें गुरु रोड निवासी 83 वर्षीय महिला, दिलाराम चौक निवासी 26 वर्षीय युवक व खुड़बुड़ा निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। खुड़बुड़ा निवासी बुजुर्ग का मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी दो मरीज घर पर हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।
