विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड में परखेंगे सरकार-संगठन, बनाएंगे चुनावी रणनीति

Published: Sun, 24 May 2026 09:58 AM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर सरकार और संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। फाइल फोटो

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के आगामी दौरे में सबसे पहले सरकार व संगठन की मौजूदा स्थिति को परखेंगे। उसके बाद विभिन्न बैठकों के जरिए चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देन की कवायद करेंगे।

भाजपा का पूरा फोकस संगठन, मजबूत बूथ संरचना और राजनीतिक संवाद के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने पर रहेगा। नितिन नवीन के तीन दिवसीय कार्यक्रम को इस तरह से तैयार किया गया है, ताकि सरकार, संगठन, जनप्रतिनिधियों और जमीनी तैयारियों सभी स्तरों का अलग-अलग मूल्यांकन किया जा सके।

मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा

28 मई को जौलीग्रांट पहुंचने के बाद नितिन नवीन सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय जाएंगे। पहले दिन मंत्री समूह और भाजपा कोर ग्रुप के साथ बैठकें होंगी। राजनीतिक दृष्टि से इन्हें सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार मंत्री समूह की बैठक में सरकार के कामकाज, जनसंपर्क व सरकार की योजनाओं के धरातल पर प्रभाव को लेकर चर्चा हो सकती है। इसमें मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा भी संभव है। इसके बाद होने वाली कोर ग्रुप बैठक में संगठनात्मक सक्रियता, क्षेत्रीय समीकरण, नेताओं के बीच तालमेल और संभावित राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

माना जा रहा है कि जिलों से मिले फीडबैक, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और विपक्षी मुद्दों के असर का भी आकलन किया जाएगा। दरअसल भाजपा नेतृत्व यह समझना चाह रहा है कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है और किन इलाकों में हस्तक्षेप की जरूरत है।

29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक को भाजपा जनता के मूड और क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों को समझने के तौर पर देख रही है। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और मोर्चों के नेताओं के साथ बैठक होगी।

भाजपा की चुनावी रणनीति में संगठनात्मक ढांचे की भूमिका हमेशा केंद्रीय रही है। ऐसे में बूथ प्रबंधन, पन्ना प्रमुख व्यवस्था, सदस्यता विस्तार और सामाजिक समीकरणों को लेकर विस्तृत चर्चा हो सकती है। प्रदेश भर के महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुखों के साथ होने वाली बैठक में भाजपा गांव और शहर दोनों स्तरों पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगी। इसके बाद आइटी और इंटरनेट मीडिया टीम के साथ बैठक होगी।

भाजपा चुनावी राजनीति में डिजिटल नैरेटिव को महत्वपूर्ण मानकर चल रही है। इसलिए पार्टी इंटरनेट मीडिया टीम को अधिक आक्रामक और सक्रिय करने की तैयारी में है। भाजपा बूथ प्रबंधन को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती रही है। पार्टी का मानना है कि चुनावी जीत का आधार बूथ स्तर की सक्रियता ही होती है, इसलिए दौरे के अंतिम दिन बूथ बैठक, प्रबुद्धजन संवाद और युवा संवाद कार्यक्रम होंगे।