विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन सीमा से सटे चमोली जिले की नीती घाटी में अल्ट्रा रन, विदेशी खिलाड़ियों के लिए केंद्र से परमिट की गुहार

Published: Sun, 19 Apr 2026 05:34 PM (IST)

उत्तराखंड सरकार ने चमोली जिले की नीती घाटी में 31 मई से 2 जून तक होने वाली नीती एक्स्ट्रीम अल्ट्रा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

केदार दत्त, देहरादून। चीन सीमा से सटे उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी में 31 मई से दो जून तक होने वाली नीती एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन में विदेशी खिलाड़ी भी दौड़ सकें, इसके लिए शासन ने केंद्र में दस्तक दी है। इस क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से विदेशी खिलाड़ियों के इनरलाइन परमिट नहीं बनते।

नीती घाटी में पहली बार होने जा रही इस अल्ट्रा रन के तहत 75 किमी मैराथन में हिस्सेदारी के लिए विदेशी खिलाड़ियों ने भी रुचि दिखाई है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार को पत्र भेजकर इनके लिए इनरलाइन परमिट जारी करने का आग्रह किया गया है।

राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन व खेलकूद गतिविधियों पर सरकार विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर रही है।

इस कड़ी में पिछले वर्ष दो नवंबर को पिथौरागढ़ के आदि कैलास क्षेत्र में पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई थी। इसमें 800 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

इससे उत्साहित पर्यटन विभाग ने अब सेना और आइटीबीपी के सहयोग से चमोली जिले की नीती घाटी में नीती एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए इन दिनों क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

इस बीच विभाग ने अल्ट्रा रन को लेकर अपनी वेबसाइट लांच करने के साथ ही इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म से इसका प्रचार-प्रसार किया।

इसमें अफ्रीकी देशों के खिलाड़ियों ने रुचि ली है, लेकिन इस क्षेत्र में विशेषकर रिमखिम से होने वाली अल्ट्रा मैराथन के लिए इनरलाइन परमिट जरूरी है। यह विदेशी खिलाड़ियों का नहीं बनता। अब इसके लिए कवायद शुरू की गई है।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार केंद्र सरकार को इस संबंध में पत्र भेजा गया है। वहां से जो भी दिशा-निर्देश आएंगे, विदेशी खिलाड़ियों के मामले में उसी हिसाब से कदम उठाए जाएंगे।

एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन का कार्यक्रम

31 मई, 2026

  • 75 किमी अल्ट्रा मैराथन :- रिखखिम से सुमना, मलारी, कैलासपुर, गमशाली, नीती और फिर वापस मलारी में होगी समाप्त।
  • 42 किमी मैराथन :- मलारी से कैलासपुर, गमशालीख् नीती और फिर वापस मलारी।

एक जून, 2026

  • 21 किमी हाफ मैराथन :- मलारी
  • 10 किमी दौड़:- मलारी
  • 05 किमी दौड़:- मलारी

दो जून, 2026

  • नीती घाटी एमटीबी चैलेंज :- गमशाली-मलारी-गमशाली।

240 प्रतिभागी करा चुके पंजीकरण

चमोली के जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ के अनुसार अल्ट्रा रन के लिए अभी तक 240 प्रतिभागी आनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।

इनमें 75 किमी अल्ट्रा मैराथन के 78 और 42 किमी मैराथन के 110 खिलाड़ी शामिल हैं। शेष अन्य दौड़ के प्रतिभागी हैं।

स्थानीय खिलाड़ियों के लिए आफलाइन पंजीकरण 15 मई के बाद शुरू किए जाएंगे। उनसे पंजीकरण शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 का चमोली के हेलंग से भव्य आगाज, 300 प्रतिभागी दौड़ में शामिल