उत्तराखंड में घुसे निहंगों पर मुकदमा, पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास और शस्त्र लहराने का है आरोप
उत्तराखंड में निहंगों के खिलाफ पुलिस पर हमला करने, हथियार लहराने और बैरिकेडिंग तोड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गुरुवार देर रात कुल्हाल बैरियर पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते निहंगें। जागरण आर्काइव
HighLights
पुलिस पर हमला, शस्त्र लहराने के आरोप में निहंगों पर केस
पांवटा-कुल्हाल सीमा पर बैरिकेडिंग तोड़ी, वाहनों को नुकसान पहुंचाया
पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डाली, वीडियो फुटेज से पहचान जारी
जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। पांवटा-कुल्हाल सीमा पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के मामले में पुलिस ने अज्ञात निहंगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि गुरुवार रात निहंगों ने तलवार-फरसे, भाले और कुल्हाड़ियों का भय दिखाते हुए पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी।
इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों के सामने शस्त्र लहराए, बैरिकेडिंग के पास खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त किया और पुलिस बल पर वाहन चढ़ाने का भी प्रयास किया। अब पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुट गई है।

कुल्हाल चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार कर्णप्रयाग में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद इंटरनेट मीडिया पर 25 जून को बड़ी संख्या में कर्णप्रयाग कूच करने की अपील की गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन ने पांवटा-कुल्हाल सीमा पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिक पुलिस, पीएसी और आइटीबीपी की तैनाती की थी। पुलिस के अनुसार निहंगों से कई दौर की वार्ता की गई।
उन्हें बिना शस्त्र और छोटे-छोटे समूहों में चारधाम यात्रा पर जाने का प्रस्ताव दिया गया, ताकि यात्रा प्रभावित न हो और अन्य श्रद्धालुओं व यात्रियों को भी परेशानी न हो। लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
उनका कहना था कि वे शस्त्रों के साथ ही समूह में यात्रा करेंगे और जब तक कर्णप्रयाग में गिरफ्तार उनके साथियों की जमानत नहीं होगी, तब तक वापस नहीं लौटेंगे।

वापस गए और फोरलेन से पहुंचे दून
निहंग वापस नए बल्लूपुर-दून-पांवटा फोरलेन पहुंचे, जहां पहले से बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान निहंगों ने तलवार-फरसे, कुल्हाड़ी और भाले लहराकर पुलिस बल को डराने का प्रयास किया।
इसके बाद बैरिकेडिंग तोड़ दी और तेज रफ्तार में वाहन निकालते हुए आगे बढ़ गए। इस दौरान बैरिकेडिंग के पास खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

जोखिम में डाली पुलिसकर्मियों की जान
पुलिस का यह भी आरोप है कि बैरिकेडिंग तोड़ते समय कुछ वाहनों को पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ाया गया, जिससे ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जान जोखिम में पड़ गई।
इस पूरे घटनाक्रम से सीमा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आम लोगों में भी भय का वातावरण पैदा हुआ।
विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि अज्ञात निहंगों के खिलाफ लोकसेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, उपद्रव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है
। घटनास्थल के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड बॉर्डर पर कड़ा पहरा: निहंगों के मूवमेंट को लेकर DM-SSP ने सीमा पर संभाला मोर्चा
यह भी पढ़ें- पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ निहंग उत्तराखंड में घुसे, देहरादून में आधी रात को DM-SSP ने खुद संभाला मोर्चा
