Move to Jagran APP

प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी में दिगज्जों को संतुष्ट करना होगी चुनौती

प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी में दिग्गजों को संतुष्ट करना चुनौतीपूर्ण होने जा रहा है। दिग्गजों ने अपने चहेतों की लंबी-चौड़ी सूचियां प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह को सौंपी हैं।

By Edited By: Published: Wed, 26 Dec 2018 03:00 AM (IST)Updated: Wed, 26 Dec 2018 12:25 PM (IST)
प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी में दिगज्जों को संतुष्ट करना होगी चुनौती

देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी में दिग्गजों को संतुष्ट करना चुनौतीपूर्ण होने जा रहा है। नई कमेटी का आकार भले ही 75 के इर्द-गिर्द रखने की तैयारी हो, लेकिन दिग्गजों ने अपने चहेतों की लंबी-चौड़ी सूचियां प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह को सौंपी हैं। इन सूचियों ने पार्टी के केंद्रीय नेताओं के माथे पर भी बल डाल दिए हैं। 

loksabha election banner

उधर, नई कमेटी की घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद नए साल के पहले हफ्ते में जारी किए जाने की संभावना है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह को संगठन की कमान मिलने के बाद नई टीम नहीं मिल पाई है। तकरीबन डेढ़ साल के इंतजार के बाद नई टीम को लेकर इंतजार खत्म होने को है। हालांकि, प्रीतम की नई टीम में पार्टी इस बात का पूरा ध्यान रख रही है कि प्रदेश में गुटीय संतुलन को साधा जाए। इसकी बड़ी वजह अगले वर्ष लोकसभा चुनाव की जंग है। 

मिशन 2019 के लिए पार्टी संतुलन साधे रखने पर खास जोर दे रही है। इस कारण प्रदेश के दिग्गज नेताओं से नई कमेटी के लिए उनकी पसंद पूछी गई है। प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने बीते दिनों दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय से अलग-अलग मुलाकात भी की थी। 

प्रदेश के दिग्गजों ने नई प्रदेश कार्यकारिणी में अपने चहेतों को एडजस्ट करने के लिए लंबी-चौड़ी सूचियां सौंपी हैं। इन सूचियों में 100 से अधिक कार्यकर्ताओं के नाम बताए जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय तो नई कमेटी का बड़ा आकार रखने की पैरवी कर चुके हैं। उनकी ओर से सौंपी गई सूची में काफी संख्या में नाम शामिल हैं। 

किशोर से बड़ी सूची पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बताई जा रही है। नई कार्यकारिणी में सूचियों को एडजस्ट किए जाने को लेकर संगठन की आंखों से नींद उड़ी हुई है। नई कमेटी का गठन होने और अपेक्षा के मुताबिक चहेतों को एडजस्ट नहीं किए जाने की स्थिति में पार्टी के भीतर ही मोर्चा खोला जा सकता है। 

फिलहाल दिग्गजों की सूची में शामिल प्रमुख नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की मानें तो नई कार्यकारिणी अगले साल जनवरी माह के पहले हफ्ते में आकार ले सकती है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष नई कमेटी गठित किए जाने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर लेना चाहते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष की मुहर लगने के बाद नई कमेटी के खिलाफ आवाज खोलने से पहले सभी नेताओं को सोचना होगा। बताया जा रहा है कि अगले माह जनवरी के पहले हफ्ते में प्रदेश अध्यक्ष की राहुल से मुलाकात संभावना है।

यह भी पढ़ें: 'सेल्फी विद कमल' के जरिये भाजपा देगी घर-घर दस्तक

यह भी पढ़ें: सिर्फ मायावती दे सकती हैं पीएम मोदी को टक्कर, जानिए किसने कहा

यह भी पढ़ें: हार के डर से घर से नहीं निकलीं भाजपा प्रमुख प्रत्याशी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.