एमबीबीएस में दाखिला लिया, अब प्रमाणपत्र की परीक्षा, गलत मिला तो जाएगी सीट
नीट यूजी-2026 की राज्य काउंसलिंग के प्रथम और द्वितीय चरण के एमबीबीएस दाखिले प्रोविजनल रखे गए हैं। स्थायी निवास व ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। एमबीबीएस में दाखिला मिल गया है तो भी सीट को लेकर निश्चिंत होने की जरूरत नहीं। नीट यूजी-2026 की राज्य काउंसलिंग के प्रथम और द्वितीय चरण में दाखिला लेने वाले सभी अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र अब सत्यापन के दायरे में हैं।
प्रमाणपत्रों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने दोनों चरणों के सभी दाखिलों को प्रोविजनल रखा है। स्थायी निवास या आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र जांच में गलत निकला तो प्रवेश तत्काल रद होगा। विवि की ओर से इसे लेकर नोटिस जारी किया है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि कालेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद भी दाखिला अंतिम नहीं माना जाएगा। अब संबंधित मेडिकल कालेज अभ्यर्थियों के स्थायी निवास और आरक्षण की श्रेणी/उप श्रेणी से जुड़े प्रमाणपत्र संबंधित जिलों को भेजेंगे। जिला स्तर पर इनकी वैधता और पात्रता की जांच होगी।
यह भी पढ़ें- स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे में बड़ा फर्जीवाड़ा, देहरादून में चार एमबीबीएस दाखिले रद्द
बता दें कि प्रथम और द्वितीय चरण में सीट आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, पसंद और कैटेगरी/सब-कैटेगरी के आधार पर किया गया था। सीट मिलने के बाद अभ्यर्थियों ने आवंटित संस्थान में प्रवेश भी ले लिया। लेकिन विश्वविद्यालय के नए निर्देश से साफ है कि सीट आवंटन अंतिम पात्रता नहीं है।
विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के अनुसार स्थाई निवास और आरक्षण के आधार पर सीट पाने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच अब संबंधित जिलों में होगी। प्रमाणपत्र अमान्य, गलत या निर्धारित शर्तों के अनुरूप नहीं मिला तो दाखिला रद कर दिया जाएगा।
तृतीय चरण की काउंसलिंग भी जांच पूरी होने के बाद
विश्वविद्यालय ने तीसरे चरण की काउंसलिंग को भी दस्तावेज सत्यापन से जोड़ दिया है। सभी जिलों में स्थायी निवास और आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्रों का सत्यापन पूरा होने के बाद ही तीसरे चरण की काउंसलिंग होगी।
अब तीसरे राउंड से पहले यह साफ होगा कि प्रथम और द्वितीय चरण में आवंटित सीटों पर दाखिला लेने वाले अभ्यर्थी संबंधित कोटे की पात्रता पूरी करते हैं या नहीं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को काउंसलिंग से जुड़ी अगली सूचना के लिए वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने को कहा है।
