विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 26, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajya Sabha Election 2020: उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए नरेश बंसल भाजपा प्रत्याशी

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Mon, 26 Oct 2020 10:16 PM (IST)Updated: Tue, 27 Oct 2020 12:39 AM (IST)

उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए नौ नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा हाईकमान ने प्रत्याशी ...और पढ़ें

Rajyasabha Election 2020: भाजपा ने नरेश बंसल को बनाया राज्यसभा प्रत्याशी।
Rajyasabha Election 2020: भाजपा ने नरेश बंसल को बनाया राज्यसभा प्रत्याशी।

देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने सोमवार देर रात प्रत्याशी घोषित कर दिया। राज्य बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। बंसल मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। मंगलवार को ही नामांकन का अंतिम दिन भी है। विधानसभा में भाजपा का तीन-चौथाई से अधिक बहुमत होने से बंसल की जीत तय है।

उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट आगामी 25 नवंबर को रिक्त हो रही है। कांग्रेस के सांसद राज बब्बर अभी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विधानसभा के गणित के लिहाज से अब यह सीट कांग्रेस के हाथ से निकलना तय है। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 57 विधायक हैं। हालांकि कांग्रेस पहले ही अपना प्रत्याशी न उतारने की घोषणा कर चुकी है।इस सीट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। बहुगुणा के नेतृत्व में ही मार्च 2016 में नौ विधायकों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होकर तत्कालीन हरीश रावत सरकार को संकट में डाल दिया था। बहुगुणा ने इसके बाद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। उनके पुत्र सौरभ बहुगुणा को भाजपा ने टिकट दिया। 

सौरभ बहुगुणा मौजूदा विधानसभा के सदस्य हैं। बहुगुणा को इसके बाद लोकसभा चुनाव में भी मौका नहीं मिला। इससे सियासी गलियारों में चर्चा थी कि कमिटमेंट के तहत बहुगुणा को भाजपा इस बार राज्यसभा भेज सकती है।बहुगुणा के अलावा पार्टी के केंद्रीय कार्यालय सचिव महेंद्र पांडे, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, पूर्व सांसद बलराज पासी और नरेश बंसल के नाम पैनल में शामिल किए गए थे। 

इन सबको पीछे छोड़ते हुए बंसल दावेदारी में बाजी मार ले गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बताया कि नरेश बंसल मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री, वह स्वयं और देहरादून में मौजूद मंत्री व विधायक उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों से सुबह साढ़े नौ बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एकत्र होने को कहा गया है।