नगर कीर्तन में दिखी गुरु गोविंद सिंह के जीवन की झलक
श्री गुरु गोविंद सिंह के 353वें प्रकाश पर्व पर शहर में नगर कीर्तन निकाला गया।
जागरण संवाददाता, देहरादून: श्री गुरु गोविंद सिंह के 353वें प्रकाश पर्व पर शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुग्रंथ साहिब की पालकी निकाली गई। गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तमाम श्रद्धालु पालकी के आगे सफाई करते चल रहे थे। जगह-जगह फूलों की वर्षा कर पालकी का स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में मिष्ठान वितरित किया गया।
नगर कीर्तन मंगलवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आढ़त बाजार की अगुवाई में सुबह साढ़े साथ बजे करणपुर गुरुद्वारे से निकला। सर्वे चौक, क्वालिटी चौक, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला बाजार से होते हुए नगर कीर्तन वापस करणपुर गुरुद्वारे में ही संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिंह सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगमिंदर सिंह छाबड़ा, सुरजीत सिंह, मनजीत सिंह, बलबीर सिंह साहनी, गुरविंदर सिंह सेठी, अजीत सिंह, हरचरण सिंह चन्नी, हरमोहिदर सिंह, मनमोहन सिंह, जसपाल सिंह, सतनाम सिंह, सतपाल सिंह कुकरेजा, एचएस कालरा, देवेंद्र पाल सिंह मोंटी, डीपी सिंह, हरपाल सिंह मौजूद रहे। गतका दल ने दिखाए करतब
नगर कीर्तन के दौरान गतका दलों के करतब देखकर लोगों ने दातों तले अंगुली दबा ली। कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। जत्थों ने किया सबद कीर्तन
नगर कीर्तन में रागी जत्थे सबद गायन करते चल रहे थे। नगर कीर्तन में गुरु नानक इंटर कॉलेज ब्वॉयज, चक्खुवाला गतका पार्टी, गुरु सिंह सभा व गुरु तेग बहादुर की एंबुलेंस, पंजाब व राजा बैंड, पाइप बैंड, गतका पार्टी छबील बाग करणपुर, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज खुड़बुड़ा, दशमेष अकादमी, गुरु नानक इंटर कॉलेज गर्ल्स रेसकोर्स, शताब्दी जत्था पटेल नगर, सिख सेवक जत्था, बेबे नानकी सेवक जत्था, क्लास गुरुचर सैयद मोहल्ला, बाबा लक्खी शाह आदि मौजूद रहे।