मसूरी बना सेलिब्रिटी डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र, कुलदीप यादव की शादी से बढ़ी धूम
मसूरी अब केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक उभरता सेलिब्रिटी डेस्टिनेशन वेडिंग हब बन गया है।

मसूरी की उभरते सेलिब्रिटी डेस्टिनेशन वेडिंग स्थल के रूप में पहचान बना रही।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अंकुर अग्रवाल, देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी अब केवल पर्यटन स्थल ही नहीं रही, बल्कि तेजी से उभरते सेलिब्रिटी डेस्टिनेशन वेडिंग स्थल के रूप में भी पहचान बना रही है।
अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पर्वत शिखरों और दूनघाटी के मनोरम दृश्यों के कारण एक प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मसूरी अब युगल को रोमांटिक माहौल में शादी करने का मौका दे रही है।
देहरादून से केवल 45 मिनट की दूरी पर स्थित मसूरी 13-14 मार्च को 'वेलकम होटल द सेवाय' में होने जा रही भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी को लेकर न सिर्फ चर्चा में है, बल्कि हाई-प्रोफाइल समारोह ने एक बार फिर ‘क्वीन आफ हिल्स’ को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया है।
पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि मसूरी में निजी हाईप्रोफाइल समारोह व डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन तेजी से बढ़ा है।
दिल्ली-एनसीआर से आसान पहुंच, प्राकृतिक सौंदर्य एवं लग्जरी रिसार्ट्स की मौजूदगी मसूरी को बड़े आयोजनों के लिए आकर्षक बनाती है।
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार शहरों की भीड़भाड़ से दूर शांत माहौल और मनोहारी दृश्य यहां शादी को यादगार बना देते हैं।
यही कारण है कि अब कई मशहूर हस्तियां भी निजी समारोह के लिए इस पहाड़ी शहर को प्राथमिकता देने लगी हैं।
कुलदीप यादव की शादी ने इस ट्रेंड को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है और भविष्य में यहां ऐसे आयोजनों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्रिकेट सितारों की पसंद
मसूरी में सेलिब्रिटी शादियों की चर्चा तब और बढ़ी, जब विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत की बहन की शादी यहां भव्य तरीके से आयोजित हुई थी।
इस समारोह में कई दिग्गज क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया था, जिनमें महेंद्र सिंह धौनी, सुरेश रैना और गौतम गंभीर जैसे नाम शामिल थे। अब कुलदीप की शादी के साथ मसूरी फिर से क्रिकेट जगत की नजरों में है।
छुट्टियों के लिए भी पसंदीदा
मसूरी लंबे समय से देश-विदेश की मशहूर हस्तियों का पसंदीदा पर्यटन स्थल रहा है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर कई बार परिवार के साथ यहां छुट्टियां बिताने आ चुके हैं। शांत वातावरण और हरियाली समेत औपनिवेशिक दौर की विरासत इसे खास बनाती है।
फिल्मी हस्तियों की भी पसंद
मसूरी और आसपास के क्षेत्र लंबे समय से फिल्मी कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करते रहे हैं।
कई बालीवुड कलाकार यहां छुट्टियां मनाने के साथ-साथ निजी समारोहों और फिल्म शूटिंग के लिए भी आते रहे हैं।
पहाड़ों के मनोरम दृश्य और ऐतिहासिक इमारतें फिल्मांकन के लिए भी अनुकूल मानी जाती हैं। समय-समय पर कई उद्योगपति और फिल्मी हस्तियां निजी आयोजनों के लिए यहां पहुंचती रही हैं
इसलिए बन रहा डेस्टिनेशन वेडिंग हब
दिल्ली-एनसीआर से करीब पांच से छह घंटे की दूरी, लग्जरी रिसार्ट और हेरिटेज होटल, प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल, सीमित मेहमानों के साथ निजी समारोह के लिए आदर्श वातावरण, पर्यटन और समारोह को साथ जोड़ने की सुविधा
मसूरी के ये होटल-रिसार्ट बने पसंदीदा
मसूरी के प्रमुख वेडिंग वेन्यू में वेलकम होटल द सेवाय समेत जेपी रेजीडेंसी मनोर, रायल आर्चिड फोर्ट रिसार्ट, स्टर्लिंग मसूरी, मैरियट जैसे प्रतिष्ठित होटल शामिल हैं।
इन होटलों के बड़े लान, बैंक्वेट हाल और घाटी के मनमोहक दृश्य शादी समारोहों को खास बना देते हैं। बताया गया कि यहां 100 से 300 मेहमानों के बीच विवाह समारोह आराम से आयोजित किए जा सकते हैं।
एक सदी पुराना है होटल सेवाय
मसूरी के बीचोंबीच स्थित आइटीसी का होटल सेवाय लग्जरी के साथ ऐतिहासिक पहचान भी रखता है। एक सदी से अधिक पुराना यह हेरिटेज होटल देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का पसंदीदा रहा है।
एक दौर ऐसा भी था, जब अंग्रेजों ने नेहरू से यह होटल खाली करा दिया था। करीब 6,500 फीट की ऊंचाई पर बना यह होटल अंग्रेजी दौर की शाही वास्तुकला और हिमालयी के नजारों के लिए जाना जाता है।
यहां एक रात ठहरने का किराया 26 हजार रुपये से अधिक है, जबकि होटल में एक टाइम के खाने का मूल्य करीब 20 हजार रुपये है।
यह भी पढ़ें- किक्रेटर कुलदीप यादव की शादी: मसूरी में होगा भव्य समारोह, क्रिकेट के सितारे होंगे शामिल
यह भी पढ़ें- किक्रेटर कुलदीप यादव पहुंचे मसूरी, 14 मार्च को बचपन की दोस्त के साथ लेंगे सात फेरे
