विकासनगर में सिर पर गोली मारकर अधेड़ की हत्या Dehradun News
कोतवाली क्षेत्र के जुडली आदूवाला में एक अधेड़ व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि उसकी पत्नी के बयानों से मामला पेचीदा हो गया है।
देहरादून, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र के जुडली आदूवाला में एक अधेड़ व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि, उसकी पत्नी के बयानों से मामला पेचीदा हो गया है। क्योंकि रात के समय पत्नी भी बगल वाली चारपाई में सो रही थी और उसे गोली चलने की आवाज तक नहीं आई। मृतक के बच्चे भी नहीं हैं।
घर पर पति-पत्नी अकेले ही रहते थे। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर मौके से कुछ साक्ष्य भी जुटाए हैं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बयानों के आधार पर गुत्थी कुछ उलझ गई है। जिससे सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विकासनगर कोतवाली प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि जुडली में 50 वर्षीय जनक रात को घर में सोए थे। जनक की पत्नी चेतन के मुताबिक, सुबह साढ़े चार बजे के करीब पति को जगाने लगीं तो खून बहता देखकर उनकी चीख निकल गई। हिलाने पर भी जनक के कोई जवाब न देने पर चेतन ने आसपास के लोगों को बुलाया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मौत की सूचना पर हरबर्टपुर चौकी इंचार्ज रवि प्रसाद कवि मौके पर पहुंचे। मृतक जनक के सिर पर गोली लगने का निशान था, जिससे काफी खून बह रहा था। पुलिस ने जब जनक की पत्नी चेतन से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपने पति के बगल की चारपाई पर सोई हुई थीं, मगर गोली किसने मारी, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।
बकरी पालन कर चलाता था घर का खर्चा
पुलिस के मुताबिक जनक के बच्चे नहीं हैं। वह पत्नी के साथ अकेले ही रहता थे। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि अक्सर दंपती के बीच झगड़ा होता था। जनक खेतीबाड़ी और बकरी पालन करके घर का खर्च चलाते थे।
बहन के पति व ससुर पर दुष्कर्म आरोप
डालनवाला थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने अपनी बहन के पति और ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का 13 अप्रैल 1994 को निधन हो चुका है जबकि माता का चार अप्रैल 2006 को निधन हो गया। पीड़िता के अनुसार उसकी बड़ी बहन का विवाह मई 2007 को डालनवाला क्षेत्र के एक व्यक्ति के साथ हुआ। बहन के पति और ससुर उस पर गलत नजर रखते थे।
यह भी पढ़ें: हत्या के बाद टुकड़े कर दफनाया था चालक का शव Chamoli News
दोनों ने 2014 से 2016 के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसी बीच दोनों ने गाजियाबाद ले जाकर भी उसके साथ दुष्कर्म किया। बड़ी बहन की इज्जत के कारण वह अब तक मुंह नहीं खोल पाई। डालनवाला के इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: दोस्तों ने खेली खून की 'होली', फैक्ट्रीकर्मी को चाकुओं से गोद उतारा मौत के घाट