नगर पालिका कर्मियों ने की जीवनगढ़ में सफाई
विकासनगर लाइन जीवनगढ़ में निरंतर बढ़ रहे कूड़े के ढेर व गंदगी को देखते हुए नगर पालिका ने सफाई कराई। विधायक मुन्ना सिंह चौहान के निर्देश पर हुई इस कार्यवाही से काफी राहत मिली जिससे क्षेत्रवासियों ने उनके प्रति आभार जताया।
विकासनगर: लाइन जीवनगढ़ में निरंतर बढ़ रहे कूड़े के ढेर व गंदगी को देखते हुए नगर पालिका परिषद विकासनगर की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान के निर्देश पर हुई इस कार्यवाही से क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिली। ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि क्षेत्र की सफाई के लिए स्थायी व्यवस्था कराई जाए।
बता दें कि लाइन जीवनगढ़ क्षेत्र में कई वर्षों से कूड़ा एकत्र हो रहा है, जिसके निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। दिल्ली-यमनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए भी यह एक गंभीर समस्या है। कूड़ा उठान के लिए क्षेत्रवासी पिछले काफी समय से स्थानीय प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों से मांग कर रहे थे। क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने इस मामले में पहल करते हुए नगर पालिका विकासनगर को क्षेत्र की समस्या के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। जिस पर कार्रवाई करते हुए नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने दिल्ली-यमनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर एकत्र कूड़े की सफाई की। सफाई अभियान से ग्रामवासियों को काफी राहत मिली। स्थानीय लोग व कनिष्ठ प्रमुख रेनू खान, मुकेश शर्मा, फतेह आलिम ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र की सफाई व्यवस्था के लिए और भी प्रयास किए जाएंगे। (संस)