देहरादून: मियांवाला में बंद घर का ताला तोड़ लाखों रुपये के जेवर चुराए, पुलिस जांच जारी
देहरादून के मियांवाला में एक बंद घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी हो गए। भवन मालिक अशोक कुमार रावत अपने बेटे-बहू के पास नोएडा गए हुए थे।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, डोईवाला (देहरादून)। मियांवाला में एक बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने लाखों रुपये के जेवर उड़ा लिए। भवन स्वामी घर बंद कर अपने बेटे-बहू के पास नोएडा गए थे।
घर पर सफाई करने आई आया ने भवन स्वामी को चोरी होने की सूचना दी। सूचना पर घर पहुंचे भवन स्वामी ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर डोईवाला पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि इस मामले में भवन स्वामी अशोक कुमार रावत निवासी दिव्या विहार मियांवाला ने कोतवाली में तहरीर दी है।
जिसमें बताया कि 15 फरवरी को वह घर बंद कर अपने बेटे-बहू के पास नोएडा गए थे। उनकी पत्नी पहले से ही उनके पास जा रखी है।
उन्होंने घर की एक चाबी पड़ोस में दी थी। साथ ही अपनी आया को बीच-बीच में आकर घर की साफ-सफाई करने का कहा था।
28 फरवरी को साफ-सफाई करने आई आया अंजू ने फोन कर उन्हें बताया कि उनके घर में चोरी हो गई है। उसने बताया कि जब वह तीन बजे घर में आई तो मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था।
अंदर के कमरों के भी ताले टूटे हुए थे। कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ है। सूचना पर वह नोएडा से घर पहुंचे तो देखा की आलमारी का लाकर टूटा हुआ था।
लाकर से सोने के जेवर गायब थे। जिसमें रानी हार, गले का सेट, हाथों के कंगन, ब्रेसलेट सहित अन्य कीमती सामान शामिल है।
उन्होंने बताया कि जेवरों की कीमत लाखों रुपये है। उन्होंने बताया कि कमरे में ताला तोड़ने वाला उपकरण भी पड़ा मिला।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटजे ले ली गई है। मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
