नई व्यवस्था के तहत दून में आज और कल बंद रहेगा बाजार, पढ़िए
नई व्यवस्था के तहत दून में आज और कल बाजार पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओें को छोड़कर किसी भी प्रतिष्ठान व कार्यालय को खोलने की अनुमति नहीं होगी।
देहरादून, जेएनएन। नई व्यवस्था के तहत दून में आज और कल बाजार पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओें को छोड़कर किसी भी प्रतिष्ठान व कार्यालय को खोलने की अनुमति नहीं होगी। शनिवार और रविवार को शहर में वृहद स्तर पर सेनिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बैठक में प्रशासन और नगर निगम को व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक ली। जिसमें मुख्य फोकस दून की स्थिति पर रहा। मुख्यमंत्री ने दून में तेजी से फैल रहे संक्रमण की रोकथाम को यहां नई व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन, नगर निगम और पुलिस को आपसी तालमेल के साथ फुल प्रूफ प्लान बनाने को कहा।
नई व्यवस्था के तहत शनिवार और रविवार को दून के तमाम बाजार पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। यहां केवल आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी। इस दौरान दोनों दिन शहर में व्यापाक स्तर पर सेनिटाइजेशन किया जाएगा। सभी चौक-चौराहों और भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस सख्ती से निगरानी रखेगी। इसके अलावा प्रतिष्ठानों पर भी नजर रखी जाएगी। शनिवार और रविवार को बाजार बंद रखने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिसके तहत प्रत्येक शनिवार और रविवार को आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे।
यह सेवाएं रहेंगी पूर्ण रूप से बंद
- सभी दुकानें व उनके प्रतिष्ठान। (राशन की दुकानें भी शामिल)
- देशी व विदेशी मदिरा की दुकानें।
- केंद्र सरकार व राज्य सरकार के अधीन सभी शासकीय व अर्द्धशासकीय कार्यालय एवं उपक्रम, बैंक व सभी निजी कार्यालय।
- सभी प्रकार के वाहन।
यह सेवाएं होंगी संचालित
- दवा की दुकान।
- पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी।
- फल-सब्जी की दुकानें, डेयरी।
- टिफिन सर्विसेज।
- मीट-मछली की लाइसेंसी दुकानें।
- उत्पादन से संबंधित औद्योगिक इकाइयां।
- स्वास्थ्य-चिकित्सा, पेयजल, नगर निगम, विद्युत विभाग के कार्यालय।
- आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, एंबुलेंस।
बोले डीएम साहब
डॉ आशीष श्रीवास्तव (जिलाधिकारी देहरादून) का कहना है कि अन्य जिलों के मुकाबले देहरादून की चुनौती अधिक है। हवाई मार्ग, रेल मार्ग व सड़क मार्ग से 75 संवेदनशील क्षेत्रों से आने वाले लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन किया जा रहा है। फिर चाहे यात्रियों को राज्य के किसी भी जिले में जाना हो। देहरादून पहुंचते ही उनके क्वारंटाइन का इंतजाम देहरादून प्रशासन को करना है। ऐसे में इसी अनुपात में संक्रमण की दर भी बढ़ रही है। प्रशासन ने कोरोना से निपटने के लिए वृहद प्लान बनाया है।
क्वारंटाइन सेंटरों में बेड की क्षमता बढ़ाकर 5000 से अधिक कर दी गई गई है। इसके अलावा कोरोना के हल्के व लक्षणविहीन मरीजों के लिए 3500 से अधिक क्षमता वाले कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं। अब तक एक हजार से अधिक बेड का इंतजाम कर लिया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश के क्रम में सैम्पलिंग की दर भी बढ़ाई जा रही है। कंटेनमेंट जोन बढ़ाकर वहा सख्ती से नियमों का पालन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में शनिवार व रविवार को शहर बड़े स्तर पर सेनिटाइजेशन करने की रणनीति बनाई गई है।
कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और पेशेंट केयर पर करें फोकस
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का पूरा फोकस देहरादून पर रहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए के कोरोना संक्रमण की रोकथाम को गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शारीरिक दूरी का पालन कराने को पुलिस सख्ती से पेश आए। कंटेनमेंट जोन पर कड़ी नजर रखी जाए। निर्देश दिए के देहरादून में टेस्टिंग बढ़ाई जाए। इसी क्रम में पेशेंट केयर मैनेजमेंट सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में लीकेज न हो। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डीजीपी अनिल रतूड़ी, महापौर सुनील उनियाल गामा समेत अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।