देहरादून: दीपावली पर घनघनाते रहे कंट्रोल रूम के फोन, कई शिकायतें हुई दर्ज
दीपावली को दिन भर कंट्रोल रूम 112 के फोन घनघनाते रहे। शहर में आगजनी पटाखों संबंधी शिकायतें और दुर्घटनाओं को लेकर भारी संख्या में फोन कॉल आई। देहरादून जनपद की बात करे तो आगजनी की 35 शिकायतें आई।
देहरादून, जेएनएन। दीपावली को दिन भर कंट्रोल रूम 112 के फोन घनघनाते रहे। शहर में आगजनी, पटाखों संबंधी शिकायतें और दुर्घटनाओं को लेकर भारी संख्या में फोन कॉल आई। देहरादून जनपद की बात करें तो आगजनी की 35 शिकायतें आई। वहीं, पटाखों संबंधी 58 शिकायतें कंट्रोल रूम में पहुंची। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की 14 शिकायतें आई।
पुलिस विभाग की ओर से रात में रात 8 बजे से 10 बजे तक ही पटाखे फोड़ने की अनुमति दी गई थी, लेकिन लोग रात एक बजे तक भी पटाखे फोड़ते रहे। ऐसे में कई जगह से लोगों ने देर रात तक पटाखे फोड़ने की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में की। हालांकि, पुलिस बल शहर में लगातार गश्त करता दिखाई दिया, लेकिन पटाखों पर रोक नहीं लग सकी।
वहीं, प्रदेश भर में आगजनी की 88 घटनाएं हुई, जबकि पटाखों से संबंधित 82 शिकायतें भी पहुंची। इसके अलावा दुर्घटनाओं का आंकड़ा भी 35 तक पहुंचा है। इसके अलावा पटाखा फोड़ते समय कई लोगों के झुलसने के मामले भी सामने आए। उन्हें अस्पताल में उपचार दिलवाया गया।
यह भी पढ़ें: दीपावली पर आतिशबाजी से आइएमए केंद्रीय विद्यालय में नियुक्त अध्यापक के घर लगी आग
यह भी पढ़ें: त्यूणी के बास्तील के बेईधार में सेब के बगीचे जले, भारी नुकसान