देहरादून में भारी बारिश से मांडूवाला-सौड़ा पुल टूटा, ग्रामीणों की आवाजाही पर संकट
देहरादून में भारी वर्षा के कारण मांडूवाला-सौड़ा पुल का एक हिस्सा बह गया, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो ...और पढ़ें
HighLights
भारी वर्षा से मांडूवाला-सौड़ा पुल का हिस्सा बहा।
सैकड़ों ग्रामीण जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे।
विधायक ने पुल की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, देहरादून। सोमवार रात हुई मूसलधार वर्षा ने मांडूवाला से सौड़ा गांव को जोड़ने वाले पुल की हालत बिगाड़ दी। भारी पानी के दबाव में पुल का एक हिस्सा टूट गया। पुल टूटने से सैकड़ों ग्रामीणों के आवागमन पर संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि जरूरी काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है।
कई वर्ष पूर्व वन विभाग की ओर से बनाया गया यह पुल मांडूवाला और सौड़ा गांव समेत आसपास की ग्रामीण आबादी के लिए आवाजाही का महत्वपूर्ण जरिया था। सोमवार रात बारिश के दौरान नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने से पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पुल के टूटने के बाद ग्रामीणों के सामने सुरक्षित आवाजाही का संकट खड़ा हो गया है।
नदी में उतरकर रास्ता तलाशते ग्रामीण
पुल टूटने के बाद सामने आई तस्वीरें व्यवस्था की गंभीरता बताने के लिए काफी हैं। आवागमन का रास्ता बंद होने पर कई ग्रामीण नदी के तेज बहाव के बीच उतरकर दूसरी ओर जाते दिखाई दिए। बारिश के दौरान नदी का बहाव बढ़ने की स्थिति में यह रास्ता कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद सहसपुर क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने वन विभाग के कार्मिकों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों को शीघ्र पुल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की आवाजाही बहाल हो सके। वर्षा ने पुल तोड़ा, अब मरम्मत में देरी ग्रामीणों पर भारी न पड़े, यह सबसे बड़ी चुनौती है।
यह भी पढ़ें- एथेनॉल के दौर में 'शुद्ध' पेट्रोल की वापसी: देहरादून में बिना मिश्रण वाले प्रीमियम पेट्रोल से फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
पौंधा-कैरन फैक्ट्री पुल की एप्रोच रोड मलबे में दबी, लोनिवि ने खोला रास्ता
भारी बारिश के चलते पौंधा से कैरन फैक्ट्री जाने वाले पुल की एप्रोच रोड पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इससे कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित रही। सूचना पर लोनिवि प्रांतीय खंड की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा आने से सड़कें प्रभावित होने का सिलसिला जारी है।
