चार दिवसीय दौरे पर दून पहुंचे महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी
महाराष्ट्र के राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी गुरुवार सुबह चार दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: महाराष्ट्र के राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी गुरुवार सुबह चार दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे। राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उनका स्वागत किया। शाम को महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने मुलाकात की।
महाराष्ट्र का राज्यपाल पद संभालने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी पहली बार देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से वह सीधा देहरादून राजभवन पहुंचे, जहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के साथ कुछ देर तक उन्होंने सम सामयिक विषयों पर बातचीत की। इसके बाद ओल्ड बीजापुर अतिथि गृह पहुंचे और वहीं विश्राम किया। शाम को वह रेसकोर्स पहुंचे, जहां कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धनसिंह रावत, भाजपा महामंत्री संगठन अजय कुमार, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंस कपूर समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं ने उनसे मुलाकात की। इसके बाद वह अतिथि गृह लौट आए। महाराष्ट्र के राज्यपाल अगले तीन दिन देहरादून में रहेंगे। शुक्रवार को वह एक नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। पांच अक्टूबर की सुबह वह बदरीनाथ व केदारनाथ के दर्शन कर दोपहर बाद देहरादून लौटेंगे। छह अक्टूबर को वह हरिद्वार व ऋषिकेश में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद शाम को देहरादून लौटेंगे। सात अक्टूबर को वह मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।