सिंचाई योजनाओं को केंद्र से मांगे 4226 करोड़
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर राज्य के लिए स्वीकृत सिंचाई और बाढ़ प्रबंधन की 44 योजनाओं के लिए 106.93 करोड़ की धनराशि प्रदान करने का आग्रह किया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर राज्य के लिए स्वीकृत सिंचाई और बाढ़ प्रबंधन की 44 योजनाओं के लिए 106.93 करोड़ की धनराशि प्रदान करने का आग्रह किया। इसके साथ ही राज्य की ओर से भेजी गई विभिन्न योजनाओं के लिए 4119.42 करोड़ की राशि स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया।
सिंचाई मंत्री महाराज ने केंद्रीय मंत्री शेखावत से मुलाकात के दौरान बाढ़ प्रबंधन कार्यक्रम और त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम के जरिये राज्य को मिलने वाली सहायता के लिए केंद्र के प्रति आभार जताया। साथ ही राज्य को बाढ़ प्रबंधन कार्यक्रम की 12 योजनाओं के लिए 29.52 करोड़ और एआइबीपी की 32 योजनाओं को 77.41 करोड़ की राशि प्रदान करने का आग्रह किया।
महाराज के अनुसार उन्होंने नई योजनाओं के तहत बाढ़ प्रबंधन कार्यक्रम की 59 योजनाओं के लिए 1582.89 करोड़, जल संचयन व संवर्द्धन (बैराज,जलाशय, झील) निर्माण की 14 योजनाओं के लिए 2170.70 करोड़ के अलावा लघु सिंचाई में पीएमकेएसवाई में 'हर खेत को पानी' की 422 योजनाओं के लिए 349.39 व भूजल की चार योजनाओं के लिए 16.44 करोड़ की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। महाराज ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने सभी प्रस्तावित योजनाओं के राशि स्वीकृत करने का भरोसा दिलाया है।
सिंचाई मंत्री के मुताबिक उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। हर साल ही राज्य को इनसे जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से बाढ़ सुरक्षा एवं प्रबंधन कार्य कराने का भरसक प्रयास करती है। इन कार्याें को बजट की दिक्कत न हो, इसके लिए केंद्र का सहयोग आवश्यक है।