विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुजुर्ग दंपती को चाकू से घायल कर बदमाश ने की लूट

By JagranEdited By:
Published: Sat, 04 Dec 2021 07:13 PM (IST)

विकासनगर कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के आदर्श विहार कालोनी में बदमाश ने दंपती को चाकू से हमलाकर घायल कर दिया और नकदी समेत जेवरात लूट लिया।

बुजुर्ग दंपती को चाकू से घायल कर बदमाश ने की लूट
बुजुर्ग दंपती को चाकू से घायल कर बदमाश ने की लूट

जागरण संवाददाता, विकासनगर: कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के आदर्श विहार कालोनी में बदमाश ने दंपती को चाकू मारकर घायल कर दिया और लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट लिए। शुक्रवार देर रात चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपती से हुई लूट की घटना से क्षेत्रवासियों में भय की स्थिति है। पीड़ित दंपती के अनुसार बदमाश मकान की दीवार फांदकर घर में घुसा और स्टोर में जाकर छिप गया। मौका देखकर उसने उनपर हमला बोला और लूट के बाद फरार हो लिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपित की तलाश में सीसीटीवी कैमरे से फुटेज खंगाले। बदमाशों की संख्या अधिक होने की भी आशंका जताई जा रही है।

हरबर्टपुर नगर पालिका के वार्ड दो आदर्श विहार में सेवा निवृत्त बीएसएनएल अधिकारी बुजुर्ग दंपती नरेंद्र सिंह ढौंढियाल और गायत्री अपने मकान में रहते हैं। उनके पुत्र शिमला हिमाचल प्रदेश में नौकरी करते हैं। घटना की रात बुजुर्ग दंपती सभी कमरे और स्टोर के दरवाजे को बाहर से बंद कर सोने चले गए। बाहर से दरवाजा बंद होने पर बदमाश ने शुक्रवार देर रात स्टोर के दरवाजे को खोलने के लिए जोर लगाया। आवाज होने पर नरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी को लगा कि स्टोर में बिल्ली या कोई अन्य जानवर बंद हो गया है। नरेंद्र सिंह ढौंढियाल ने स्टोर का दरवाजा खोला तो अंदर मौजूद बदमाश ने धारदार हाथियार से उनके हाथ पर वार कर दिया। हमले में नरेंद्र सिंह ढौंढियाल घायल हो गए। स्टोर से बाहर निकलते ही बदमाश ने गायत्री देवी के सिर पर वार किया, जिससे वह भी घायल हो गई। चाकू की नोंक पर दोनों पति-पत्नी धमकी दी और आलमारी की चाबी ले ली। नरेंद्र सिंह ढौंढियाल और उनकी पत्नी गायत्री देवी का कहना है कि बदमाश सोने का गले का हार, सोने के दो कड़े और चार चूड़ियां, करीब तीन चार हजार रुपये नकदी लूट ली। बदमाश ने गुल्लक में रेजगारी तक नहीं छोड़ी। घटना के बाद गायत्री देवी ने सौ नंबर पर पुलिस को फोन किया। उनका आरोप है कि देर तक पुलिस मौके पर नहीं आई। रात में ही मौके पर पहुंचे भाजपा सभासद विपुल अग्रवाल ने जब घटना की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को दी उसके बाद हरबर्टपुर चौकी प्रभारी पंकज तिवारी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस के आने से पहले घायल नरेंद्र सिंह ढौंढियाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। लूट के शिकार दंपती ने आशंका जताई कि अंदर तो एक बदमाश था, लेकिन बाहर उसके साथी जरूर रहे होंगे। कोतवाली के एसएसआइ मनोज नैनवाल के अनुसार पीड़ित दंपती के पुत्र पंकज की ओर से कोतवाली में लूट की तहरीर दी गई है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

----------------

लूट का जल्द खुलासा करने की मांग

विकासनगर: वार्ड दो आदर्श विहार के सभासद विपुल अग्रवाल समेत कई अन्य ने पुलिस प्रशासन से बुजुर्ग दंपती से हुई लूट की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हरबर्टपुर चौकी क्षेत्र में बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। सभासद का आरोप है कि बुजुर्ग दंपती से लूट की घटना की सूचना देने को रात में संबंधित अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी का फोन रिसीव नहीं हुआ, जिसके बाद एसएसपी को फोन कर सूचना दी गई।