चकराता में उमड़े पर्यटक, कारोबारियों में खुशी... बना दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के सैलानियों की पहली पसंद
वीकेंड पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता पहुंचे, जिससे छावनी बाजार में रौनक बढ़ गई।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और एनसीआर से पहुंचे पर्यटक, स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के साथ लिया राजमा चावल का स्वाद। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, चकराता। शनिवार को वीकेंड के चलते पर्यटक नगरी चकराता का छावनी बाजार सैलानियों से गुलजार रहा। सुबह से शुरू हुई पर्यटकों की आवाजाही दिन चढ़ने के साथ बढ़ती गई।
लंबे समय बाद बाजार में दिखी चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। पर्यटकों की अच्छी आमद से छोटे-बड़े कारोबारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।
चकराता में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और एनसीआर से ज्यादा पर्यटक आए। उन्होंने छावनी बाजार में घूमने के साथ स्थानीय दुकानों से खरीदारी की और क्षेत्र में तैयार होने वाले उत्पादों में रुचि दिखाई। चकराता के प्रसिद्ध राजमा-चावल का स्वाद लेने के लिए पर्यटक स्थानीय भोजनालयों और रेस्टोरेंट में भी पहुंचे।
कारोबारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद
बाजार की दुकानों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध चकराता पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। देवदार के घने जंगल, पहाड़ों की खूबसूरत वादियां और प्रदूषणमुक्त वातावरण सैलानियों को आकर्षित करते हैं।
वीकेंड और छुट्टियों में पर्यटकों की आमद से स्थानीय पर्यटन कारोबार को सहारा मिलता है। स्थानीय कारोबारी कमल रावत, दिनेश चांदना, नारायण कोठारी, देवेंद्र चौहान, राजेंद्र चौहान, रविंद्र सिंह, प्रताप सिंह और अशोक कुमार गोयल ने बताया कि शनिवार को पर्यटकों की अच्छी आमद से पर्यटन व्यवसाय को लाभ हुआ।
सैलानियों की आवाजाही से छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को फायदा मिला। उनके अनुसार, पर्यटक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी और व्यंजनों का आनंद लेते हैं, जिससे बाजार के विभिन्न कारोबारों को लाभ पहुंचता है। कारोबारियों ने कहा कि वीकेंड और अवकाश के दिनों में पर्यटकों की आवाजाही चकराता में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है।
पर्यटकों की संख्या बढ़ने से दुकानदारों के अलावा होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों को भी रोजगार के अवसर मिलते हैं। स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में भी पर्यटकों की आमद बनी रहेगी। इससे पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों की आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी।
