छह निकायों में 16 सौ कार्मिक करेंगे मतगणना
जनपद के छह निकायों की मतगणना पांच केंद्रों पर की जाएगी। इसके लिए 16 सौ कार्मिक तैनात किए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, देहरादून: जनपद के छह निकायों की मतगणना पांच केंद्रों पर की जाएगी। इसके लिए 16 सौ कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। सबसे ज्यादा कार्मिक और टेबल नगर निगम देहरादून में तैनात किए गए हैं। इस दौरान तैनात कार्मिकों को 12 नवंबर से मतगणना से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जनपद में दो नगर निगम और चार नगर पालिकाओं में मतगणना के लिए पांच स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इनमें नगर निगम देहरादून के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर, ऋषिकेश के लिए आइडीपीएल, नगर पालिका डोईवाला के लिए डिग्री कॉलेज, मसूरी में घनानंद इंटर कॉलेज, विकासनगर और हरबर्टपुर के लिए अशाराम वैदिक इंटर कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाया गया है। यहां 18 नवंबर को मतदान के बाद देर रात तक बैलेट बॉक्स जमा होंगे। स्ट्रांग रूम में बैलेट बॉक्स सुरक्षित रखने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी। इसके बाद 20 नवंबर को सुबह साढ़े आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू होगा। नगर निगम देहरादून और ऋषिकेश के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी, सुपरवाइजर, सर्वेक्षक और गणना सहायकों की उपस्थिति में मतगणना का कार्य शुरू होगा। प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इसी तरह ऋषिकेश नगर निगम, डोईवाला, मसूरी, विकासनगर, हरबर्टपुर नगर पालिका के लिए भी टेबलों का निर्धारण कर दिया गया है। हर टेबल पर बनेगा 50 का बंडल
मतगणना के लिए हर टेबल पर मत पेटी से निकाले जाने वाले मत पत्रों में से महापौर, अध्यक्ष के मत पत्र अलग अलग कर 50-50 के बंडल बनाए जाएंगे। इसके बाद इन बंडलों को निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में मत पेटी में डाला जाएगा। सभी टेबलों के बंडल बनने के बाद एक साथ मतदान कर्मियों, अधिकारियों और प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं की मौजूदगी में मतगणना होगी। दून में दो शिफ्ट में होगी मतगणना
नगर निगम देहरादून में सबसे ज्यादा छह लाख वोटर हैं। ऐसे में यहां मतगणना देर रात तक होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन विभाग ने दो शिफ्ट में मतगणना की योजना बनाई है। पहली शिफ्ट सुबह साढ़े आठ बजे से पांच बजे तक मतगणना का कार्य करेगी। इसके बाद छह बजे से देर रात तक दूसरी शिफ्ट मतगणना कार्य में शामिल होगी। इसको लेकर प्रशासन ने प्लान तैयार कर लिया है। मतगणना को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। छह निकायों के लिए पांच केंद्रों पर मतगणना होगी। इसके लिए 16 सौ कार्मिकों की तैनाती कर दी हैं। सभी कार्मिकों को मतगणना से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जीएस रावत, प्रभारी अधिकारी कार्मिक