यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टिहरी में सात साल की बच्ची को घर के आंगन से उठा ले गया गुलदार, जंगल में मिला शव
टिहरी जिले के नरेंद्रनगर के ग्रामसभा साल दोगी के अंतर्गत पीपल सारी नामे तोक निवासी सात वर्षीय बच्ची को गुलदार ...और पढ़ें

टिहरी, जेएनएन। टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में बीती देर रात आगराखाल के पास पीपलसारी तोक में गुलदार ने सात वर्षीय बालिका पर हमला कर दिया। गुलदार बालिका को आंगन से घसीटकर कर ले गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने जब बालिका की तलाश की तो कुछ दूरी पर ही बालिका का अधखाया शव मिला।
गांव के पास पिंजरा लगाने के अलावा शिकारी तैनात कर दिया गया है। पीपलसारी तोक निवासी मुकेश रावत की सात साल की बेटी स्मृति रात लगभग दस बजे घर के बाहर अपनी मां के साथ आई थी। इस दौरान घात लगाकर बैठा गुलदार स्मृति पर झपटा और उसे खींचकर ले गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। जिसके बाद जंगल में बालिका की तलाश की गई। रात 12 बजे बालिका का अधखाया शव घर से एक किमी दूर मिल गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों के रोष को देखते हुए वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाने के साथ शिकारी भी तैनात कर दिया है। पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार काफी समय से सक्रिय है, लेकिन वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। रेंज अधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि गुलदार को तलाशने के लिए गश्त की जा रही है। बालिका के पिता मुकेश रावत दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं और कुछ दिन पहले ही घर आए थे।
