राहुल गांधी के बयान पर कोठियाल का पलटवार, गांधी परिवार के 'डीएनए' पर उठाए सवाल
भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर ...और पढ़ें
-1791876387569_m.webp)
HighLights
कर्नल कोठियाल ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर कांग्रेस को घेरा।
गांधी परिवार की राजनीतिक सोच को ब्रिटिश मानसिकता से जोड़ा।
अजीत डोभाल पर टिप्पणी को उत्तराखंड की भावनाओं से जोड़ा।
जागरण संवाददाता, देहरादून। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कोठियाल ने बहस को नेहरू और इंदिरा गांधी के दौर तक ले जाते हुए गांधी परिवार के ‘डीएनए’ पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और अब राहुल गांधी तक, इस परिवार की राजनीतिक सोच अंग्रेजों की मानसिकता से प्रभावित रही है। कोठियाल ने कहा कि अजीत डोभाल जैसे उत्तराखंड के सपूत पर टिप्पणी प्रदेश और देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि सैन्यभूमि भी है। यहां के लोगों का सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा से गहरा जुड़ाव है। ऐसे में देश की सुरक्षा से जुड़े शीर्ष पद पर कार्यरत अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी को प्रदेश की भावनाओं से जोड़कर देखा जाएगा।
उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी करते समय जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आजादी के समय जवाहरलाल नेहरू, उसके बाद इंदिरा गांधी और अब राहुल गांधी की राजनीति में अंग्रेजों की मानसिकता की छाप दिखाई देती है। उन्होंने इसी आधार पर गांधी परिवार के राजनीतिक डीएनए पर सवाल खड़े किए।
कोठियाल के बयान से इस प्रकरण में राजनीतिक टकराव और तीखा होने के संकेत हैं। इस पूरे विवाद में अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे के साथ-साथ गांधी परिवार की राजनीतिक विरासत और उसकी विचारधारा भी भाजपा के हमले के केंद्र में आ गई है।
