उत्तराखंड में कश्मीरी युवकों पर हमला, पहले पूछा धर्म; फिर लाठी से किए ताबड़तोड़ वार
विकासनगर, देहरादून में दो कश्मीरी फेरीवालों दानिश और ताविस पर एक दुकानदार संजय यादव ने हमला किया। आरोप है कि ...और पढ़ें

दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। Video Grab
HighLights
विकासनगर में कश्मीरी युवकों पर धर्म पूछकर हमला।
दुकानदार संजय यादव ने लाठी-लोहे से पीटा।
पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। कोतवाली विकासनगर के अंतर्गत मुख्य बाजार में एक दुकानदार से विवाद के चलते जम्मू-कश्मीर के फेरी वाले युवकों के साथ मारपीट की गई।
पीड़ित युवकों का आरोप है कि उनसे पहले जाति और धर्म पूछा गया, जब उन्होंने कश्मीरी मुस्लिम बताया, तो उन्हें जाति सूचक शब्द कहे गए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। इस घटना में दोनों युवकों को काफी चोटें आईं हैं।
इस मामले में घायल दानिश पुत्र मोहम्मद यासीन, निवासी करलपुरा कोपड़ जम्मू-कश्मीर, हाल निवासी पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश ने तहरीर देकर दुकानदार संजय यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। जिस पर पुलिस ने आरोपित दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक जम्मू-कश्मीर निवासी दानिश व ताविस छुट्टियों में पांवटा साहिब हिमाचल में किराये पर रहते अपने पिता के पास कश्मीर से आए थे। जो विकासनगर क्षेत्र में घूम-घूम कर शाल व सूट बेच रहे थे।
बाजार पुलिस चौकी में दी तहरीर में मोहम्मद दानिश ने कहा कि वह और उसका छोटा भाई मोहम्मद ताविस नमकीन लेने विकासनगर डाकपत्थर रोड पर एक दुकान पर गए। दुकानदार ने पूछा कि कहां से हो, जब उन्होंने बताया कि हम कश्मीर से हैं तो दुकानदार ने उनका नाम पूछा।
कहा कि नाम बताने के बाद उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दुकानदार समेत दो अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी व लोहे की चीज से उनपर वार करना शुरू कर दिया।
इस संबंध में दानिश ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी और अपना व अपने भाई का उपचार कराया।
तहरीर मिलने पर बाजार चौकी प्रभारी मयंक त्यागी ने तत्काल घटना की प्रारंभिक जांच की। जिसमें पाया गया कि आरोपित प्राविजन स्टोर संचालक संजय यादव, निवासी विकासनगर द्वारा दोनों कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट की गई। जिससे उन्हें चोट भी आई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित दुकानदार संजय यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की ओर से घटना में शामिल अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।
