उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली से रूबरू हुई कर्नाटक पुलिस, की सराहना
कर्नाटक पुलिस के दल ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया। साथ ही पुलिस के आम जन के साथ किए जाने वाले सौम्य व्यवहार की सराहना भी की।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने आए कर्नाटक पुलिस के दल ने सोमवार को डीजीपी अनिल के रतूड़ी से मुलाकात की। दल ने उत्तराखंड पुलिस के आम जन के साथ किए जाने वाले सौम्य व्यवहार की सराहना भी की। वहीं, उत्तराखंड पुलिस का भी 15 सदस्यीय दल 20 जनवरी से कर्नाटक राज्य के दौरे पर है।
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत गृह मंत्रालय की ओर से पहल की गई है कि राज्यों की पुलिस दूसरे राज्यों का भ्रमण कर वहां की पुलिसिंग और काम करने के तौर-तरीकों अध्ययन कर अपनी कार्य क्षमता में सकारात्मक बदलाव करे। इस अभियान के तहत बीती 25 जनवरी से कर्नाटक पुलिस का पंद्रह सदस्यीय दल (एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, तीन मुख्य आरक्षी व दस आरक्षी) उत्तराखंड पहुंचा। यहां देहरादून और हरिद्वार का दौरा करने के बाद दल के सदस्य सोमवार को डीजीपी से मिलने पहुंचे।
दल ने उत्तराखंड पुलिस की सराहना की और कहा कि यहां की पुलिस लोगों से बेहद शालीनता से पेश आती है और लोग भी पुलिस का सम्मान करते हैं। पुलिस महानिदेशक अपराध और कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को देश की भाषा, सांस्कृतिक, धार्मिक विविधता में एकता से रूबरू कराना भी है। इसके तहत एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्यों में जाकर वहां की पुलिसिंग का अध्ययन कर रही है। इससे एक दूसरे का भाषा समझने में मदद मिलेगी और अपराधों के ट्रेंड के अलावा विवेचनाओं और शिकायतों के निस्तारण में भी ज्ञान मिलेगा।
यह भी पढ़ें: बदमाशों का फरार होना अब आसान नहीं, हाईपावर बाइक के साथ तैनात रहेगी पुलिस Dehradun News
यातायात नियमों के उल्लंघन में 80 वाहनों का चालान
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 80 वाहनों के चालान काटे। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने पर 11 लोगों को हिरासत में लिया गया। नेहरू कालोनी के थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। पांच टीमें बनाकर जोगीवाला चौक, मोथरोवाला चौक, दूधली रोड, इंदरपुर चौक और चंचल डेरी तिराहा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में 350 वाहनों की चेकिंग के दौरान विभिन्न मामलों 80 वाहनों के चालान काटे और 32,200 जुर्माना वसूला।
यह भी पढ़ें: चोरी की बाइक के साथ सहारनपुर का युवक गिरफ्तार Dehradun News