जूना अखाड़ा की पवित्र छड़ी यात्रा यमुनोत्री को रवाना
जागरण संवाददाता ऋषिकेश श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा की पवित्र चार धाम छड़ी यात्रा गुरुवार
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश:
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा की पवित्र चार धाम छड़ी यात्रा गुरुवार की सुबह यमुनोत्री धाम के लिए ऋषिकेश से रवाना हुई। इससे पूर्व छड़ी यात्रा में शामिल संत महात्माओं ने ऋषिकेश के प्रमुख धार्मिक स्थल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
पवित्र छड़ी यात्रा बुधवार को हरिद्वार से रवाना होकर ऋषिकेश के तारा माता मंदिर पहुंची थी। इस पवित्र चार धाम उत्तराखंड छड़ी यात्रा की परिकल्पना एवं प्रेरणा ब्रह्मलीन श्रीबद्रीश श्रीहिमालय पीठाधीश्वर उत्तराखंड के राजगुरु श्रीमहंत गोदावरी गिरी महाराज ने की थी। वर्तमान में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी महाराज इस पवित्र यात्रा के प्रमुख है। यात्रा सभापति महंत प्रेम गिरि महाराज के सानिध्य में गुरुवार की प्रात: सर्वप्रथम ब्रह्मलीन श्री महंत गोदावरी महाराज की समाधि एवं तारा माता का पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान दत्तात्रेय घाट एवं त्रिवेणी घाट में गंगा पूजन और ऋषिकेश ग्राम देवता भगवान भरत महाराज की परिक्रमा की गई। भैरव मंदिर, चंद्रेश्वर मंदिर एवं सोमेश्वर मंदिर की परिक्रमा के पश्चात तारा माता मंदिर से होकर यात्रा यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। यात्रा सभापति महंत प्रेम गिरी महाराज ने बताया कि गुरुवार की शाम यात्रा बड़कोट उत्तरकाशी पहुंचेगी। यात्रा में 70 सदस्य शामिल है।
इस अवसर पर तारा माता मंदिर के महंत संध्या गिरी महाराज, केशव पुरी, महंत दिगंबर भारती, महंत शिवदत्त गिरी, पुष्कर गिरी, महाकाल गिरी, खुशी गिरी, वशिष्ठ गिरी, कन्हैया पुरी, धर्मेंद्र पुरी, राहुल गिरी, पंडित मुकेश, अमित नवानी, महेश, यात्रा के मीडिया प्रभारी गोपाल रावत, आश्रम के जनसंपर्क अधिकारी एवं सचिव गंभीर सिंह मेवाड़ आदि उपस्थित थे।