भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ का देहरादून में कार्यकर्ताओं को मंत्र, बोले- उत्तराखंड को बनाएं अभेद्य दुर्ग
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने उत्तराखंड में पुराने रिकॉर्ड तोड़कर सबसे बड़ी जीत दर्ज करने और देवभूमि को भाजपा का अभेद्य दुर्ग बनाने का आह्वान किया।

भाजपा की संगठनात्मक कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट।
HighLights
तरुण चुघ ने उत्तराखंड में भाजपा की महाविजय का आह्वान किया
मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा
सीएम धामी ने चुनावी प्रबंधन में कुशलता बढ़ाने पर जोर दिया
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि उत्तराखंड में पुराने रिकार्ड तोड़कर सबसे बड़ी जीत दर्ज करनी है। भाजपा ने एक बार हार-एक बार जीत का मिथक तोड़ा है।
अब एक-एक वोट और बूथ पर ताकत झोंक कर हमें देवभूमि उत्तराखंड को भाजपा के लिए अभेद्य दुर्ग बनाना है। इसके लिए सबसे जरूरी है कि एसआइआर की संवैधानिक प्रक्रिया में सहयोग कर मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाया जाए।
ऐसा करना देश के पक्ष में है और राष्ट्रवादी भाजपा के लिए भी शुभ है। एसआइआर के बाद जहां भी चुनाव हुए, वहां भगवा लहराया है। बिहार, असम और बंगाल में भाजपा का प्रदर्शन इसे साबित करता है।
हरिद्वार रोड पर कुआंवाला स्थित होटल लि ओवल में आयोजित भाजपा कार्यशाला को संबोधित कर राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के लिए वातावरण बेहद अनुकूल है। जनता भाजपा के पक्ष में मतदान करना चाहती है।
हमें जनता के वोट को बूथ तक ले जाने में सहयोग करना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा, केंद्रीय नेतृत्व की उम्मीद के अनुसार प्रदेश में हमें महाविजय दिलाने के लिए हमें पूरी क्षमता से कार्य करना है।
हमें चुनावी प्रबंधन की कुशलता को और अधिक बेहतर करना होगा। इसके लिए सबसे अहम सीढ़ी सही मतदाता सूची है।
हमें अपने बीएलओ-दो के माध्यम से घर घर जाकर लोगों को जागरूक कर उनका तय प्रक्रिया में वोट सुनिश्चित करवाना है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में विकास को मिली गति, सीएम धामी ने 99 करोड़ के कार्यों को दी मंजूरी
यह भी पढ़ें- मिस यूनिवर्स उत्तराखंड अनुभा वशिष्ठ को सीएम धामी ने किया सम्मानित, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दी शुभकामनाएं
