वैकल्पिक माध्यमों से आमजन से संवाद करें भाजपा नेता: जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि लॉकडाउन के कारण शारीरिक दूरी के मानक के दृष्टिगत आमजन से संवाद के लिए वैकल्पिक माध्यमों का प्रयोग किया जाए।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने रविवार को उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष बंशीधर भगत के साथ ही यहां के सभी सांसदों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये राज्य में पार्टी द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लॉकडाउन के कारण आवागमन में शर्तों के पालन और एक-दूसरे से शारीरिक दूरी के मानक के दृष्टिगत आमजन से संवाद के लिए वैकल्पिक माध्यमों का प्रयोग किया जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ऑडियो -वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और सोशल मीडिया के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सात आग्रहों को लोगों तक पहुंचाया जाए। साथ ही सामाजिक, धार्मिक संगठनों और उनके प्रमुखों से भी निरंतर संवाद स्थापित किया जाए। सांसदों को इस अभियान में अधिक सक्रियता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि सांसद स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में आम कार्यकर्ताओं से भी सीधा संवाद कायम करें।
पार्टीजनों के अलावा अन्य लोगों से भी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करवाएं। साथ ही प्रधानमंत्री केयर्स फंड में सहयोग के लिए प्रेरित करें। भाजपा प्रमुख ने फेस कवर को लेकर विशेष जोर दिया और कहा कि फेस कवर व मास्क में अंतर स्पष्ट रहना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गमछे का उपयोग किए जाने का उल्लेख किया और कहा कि गमछे का उपयोग कर प्रधानमंत्री ने संदेश दिया है कि मास्क ही जरूरी नहीं है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय के अनुसार इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भगत ने राज्य में जरूरतमंदों की मदद को चलाए जा रहे अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि पार्टीजनों के प्रयास से पीएम केयर्स फंड में ढाई करोड़ से अधिक की राशि जुटाई गई है। आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने को निरंतर प्रयास हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: भगतजी की ऐसी भक्ति, जिम्मेदारी निभाते हुए दोनों मंडलों में सक्रिय
महिला कार्यकर्ताओं के प्रयासों से मास्क बनाकर इन्हें वितरित किया जा रहा है। इस दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, तीरथ सिंह रावत, माला राज्यलक्ष्मी शाह ने अपने-अपने क्षेत्रों का ब्योरा रखा।