यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
JEE Main: जाति प्रमाण पत्र न हो तो दे सकते हैं अंडरटेकिंग, NTA की साइट पर जारी फॉर्मेट को भर कर सकते हैं जमा
JEE Main जेईई मेन के अभ्यर्थियों को जाति प्रमाण पत्र को लेकर पेश आ रही दिक्कत को देखते हुए नेशनल ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। JEE Main जेईई मेन के अभ्यर्थियों को जाति प्रमाण पत्र को लेकर पेश आ रही दिक्कत को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अब बीच का रास्ता निकाला है। एनटीए के मुताबिक प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने पर अभ्यर्थी को अंडरटेकिंग अपलोड करनी होगी। इस अंडरटेकिंग का प्रारूप भी एनटीए ने वेबसाइट पर जारी किया है। अभ्यर्थी जारी फॉर्मेट को भरकर जमा कर सकते हैं।
इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए होने वाले ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन-2021 के लिए इस वक्त ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। आवेदन की आखिरी तारीख 15 जनवरी तय की गई है। इस साल, जेईई मेन चार बार आयोजित की जाएगी। इसके तहत परीक्षा का पहला सेशन फरवरी में होगा। इसके बाद मार्च, अप्रैल और मई में अगले तीन सेशन की परीक्षा होगी। इस दफा पहली बार आवेदन के समय जाति प्रमाण-पत्र मांगा जा रहा है।
इसकी वजह से अभ्यर्थियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे पहले उन्हें सिर्फ कैटेगरी पर टिक लगाना होता था, लेकिन अब फॉर्म भरते समय ही जाति संबंधित प्रमाण पत्र अपलोड करने को कहा गया है। परीक्षा विशेषज्ञ डीके मिश्रा के अनुसार एनटीए की तरफ से अचानक शुरू किए गए इस नए नियम की वजह से छात्र काफी परेशान थे। अब एनटीए ने परीक्षा को लेकर जारी किए सवाल-जवाब में कागजात उपलब्ध न होने पर अभ्यर्थियों को अंडरटेकिंग अपलोड करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि सभी सेशन के लिए सिर्फ एक ही आवेदन पत्र भरना होगा।
