Uttarakhand Lockdown: राशन की कालाबाजारी पर दस दुकानदारों के किए गए चालान
लॉकडाउन का फायदा उठाकर शहर में कई दुकानदार कालाबाजारी कर रहे हैं। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद खाद्य सामग्री अधिक दाम पर बेची जा रही है। कालाबाजारी पर 10 दुकानदारों के चालान किए।
देहरादून, जेएनएन। लॉकडाउन का फायदा उठाकर शहर में कई दुकानदार कालाबाजारी कर रहे हैं। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद खाद्य सामग्री अधिक दाम पर बेची जा रही है। इसके खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा गठित टीमें लगातार अभियान चला रही है। इस कड़ी में टीम ने कालाबाजारी पर 10 दुकानदारों के चालान किए।
जिला प्रशासन ने आपूर्ति, बाट व मापतौल तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया है। यह टीम आवश्यक वस्तुओं की बिक्री की निगरानी कर रही है। टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान 10 दुकानदार ऐसे पाए गए जो खाद्य सामग्री के मनमाने दाम वसूल रहे थे। जिला पूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि टीम ने 10 किराना स्टोर और डेयरी पर ओवर रेटिंग पकड़ी, जिस पर उनका चालान किया।
इनके खिलाफ कार्रवाई
-कृष्णा जनरल स्टोर, रेस कोर्स
-क्रेज मार्ट, साईं मंदिर, राजपुर रोड
-सुगन चंद्र जनरल स्टोर, राजपुर
-गुप्ता जनरल स्टोर, कैनाल रोड
-सोलंकी स्टोर, आईटी पार्क, सहस्रधारा
-हिमश्री जनरल स्टोर, आईटी पार्क
-मैं लक्ष्मी डेरी एंड प्रोविजन स्टोर, आईटी पार्क
-द होलसेल स्टोर, सहस्रधारा रोड
-सुंदर प्रोविजन स्टोर, धर्मपुर चौक
-शर्मा प्रोविजन स्टोर, धर्मपुर
लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 214 गिरफ्तार
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर प्रदेश में 77 मुकदमे दर्ज किए गए। साथ ही 214 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश में अभी तक कुल 545 मुकदमे दर्ज कर 2524 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही अभी तक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 8630 वाहनों के चालान और 2449 वाहन सीज किए गए हैं।
दून पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर बुधवार को 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट में 153 चालान, जबकि 52 वाहन सीज किए गए। पुलिस अब तक 452 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मोटर व्हीकल एक्ट में 1861 चालान और 655 वाहन सीज किए गए हैं।
हरिद्वार में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने पर 28 लोगों के चालान और 60 वाहन सीज किए हैं। दूसरी ओर गढ़वाल में पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर 34 लोगों को गिरफ्तार किया। उधर, देहरादून पुलिस लाइन स्थित कोविड कंट्रोल रूम में 761 विभिन्न शिकायतें और 505 वाट्सएप मैसेज आए। जिनका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने 16524 लोगों को खाना पहुंचाया।
स्टॉक में इजाफा, आटे की आपूर्ति बढ़ी
लॉकडाउन के बाद से राशन की जमकर हो रही खरीद के बीच उपजा खाद्यान्न संकट अब दूर होने लगा है। आपूर्ति बढ़ने के साथ ही अब खाद्यान्न का स्टॉक भी पर्याप्त हो गया है। पिछले कुछ दिनों से स्टॉक में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही थी। खासकर बाजार में आटे की किल्लत होने लगी थी। अब आटा मिलों से नियमित रूप से पहुंच रहा है।
देहरादून जनपद में चावल व आटे समेत आवश्यक उत्पादों का प्रचुर मात्र में स्टॉक है। इसके अलावा गेंहू भी राशन की दुकानों में आसानी से उपलब्ध है। जिला आपूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी का कहना है कि लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
इस समय पर्याप्त मात्रा में खाद्य पदार्थ की उपलब्धता है। उन्होंने लोगों से पैनिक न होने और अनावश्यक राशन स्टोर न करने की अपील की है। बुधवार को देहरादून मंडी में आटे का स्टाक 775 कुंतल से बढ़कर 937 कुंतल पहुंच गया, जबकि नया स्टॉक भी लगातार पहुंच रहा है। इसके साथ ही घरेलू सिलेंडर भी पर्याप्त मात्र में उपलब्ध है। उन्होंने आम लोगों से राशन और घरेलू गैस की जमाखोरी ना करने की अपील की। दुकानदारों को भी उचित दाम पर खाद्यान्न बेचने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown: साहिया बाजार में उमड़ी भीड़, पुलिस ने फटकारी लाठियां