विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाइक-व्यू की चाहत में जोखिम भरे स्टंट: फेमस होने का ऐसा जुनून, हवालात में कटवा रहा रात; एक्शन में दून पुलिस

Published: Mon, 14 Sep 2026 07:49 AM (IST)

देहरादून में युवा सोशल मीडिया पर लाइक और व्यू पाने के लिए जानलेवा जोखिम उठा रहे हैं, जिससे वे पुलिस ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. युवा लाइक और व्यू के लिए जोखिम भरे स्टंट कर रहे

  2. तेज रफ्तार वाहन चलाने और शराब पीने के वीडियो वायरल

  3. पुलिस हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है

जागरण संवाददाता, देहरादून। इंटरनेट मीडिया पर कुछ सेकेंड की रील और वीडियो को ज्यादा से ज्यादा लाइक और व्यू मिल जाएं, इसके लिए युवा लगातार जोखिम उठाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। सड़क पर तेज रफ्तार वाहन चलाते हुए वीडियो बनाना हो या शराब पीते हुए सेल्फी और रील बनाना, रोमांच और लोकप्रियता की यह होड़ में युवा सभी हदें पार कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मिलने वाली वाहवाही के आगे युवा खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं।

तेज रफ्तार वाहन चलाने और जाम छलकाने के लगातार सामने आ रहे हैं मामले

शहर से लेकर पर्यटक स्थलों तक रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। कई युवा चलती बाइक या कार पर स्टंट करते हुए वीडियो बनाते हैं। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी के साथ दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। इंटरनेट मीडिया पर दिखने वाली कुछ सेकेंड की वीडियो युवाओं पर जिंदगी पर भारी पड़ रही है।

शहर में प्रतिदिन इस तरह के एक से दो मामले सामने आ रहे हैं, जिसमें युवा इंटरनेट मीडिया पर छाने की बजाए हवालात काट रहे हैं।

पुलिस-प्रशासन के सामने चुनौती

रील के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन पुलिस के लिए भी चुनौती बन रहा है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद कई बार पुलिस उन्हें पकड़ लेती है, लेकिन इन्हें रोकना कहीं न कहीं पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल का कहना है कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। पुलिस लगातार हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है।

हाल ही में सामने आई कुछ घटनाएं

केस 1: शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा था, जिसमें युवक-युवतियां तेज रफ्तार थार में हुड़दंग मचा रहे थे। वाहन में बैठी दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट के कश लगा रही थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों के बारे में जांच करते हुए थार को सीज कर दिया है। वहीं थार चालक सोनू कुमार निवासी रायपुर व दो युवतियां को हिरासत में लिया गया है।

यह भी पढ़ें- देहरादून: 15 साल बाद 'आजाद' हुई 1015 वर्ग मीटर जमीन, कोर्ट के आदेश के बाद वन विभाग ने हटाया अतिक्रमण

केस 2: मैच के बाद छलकाए जाम, पहुंचे हवालात

राजीव गांधी अंतराष्ट्रीय स्टेडियम में मैच के बाद तीन युवक जाम छलकाते नजर आए और इसकी वीडियो भी बनाई। शराब पीने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। तीनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। हरियाणा के यह युवक आर्टिस्टों के मैच में देहरादून पहुंचे हुए थे, जिन पर मैचों में प्रतिबंध भी लगाया गया है।

यह भी पढ़ें- गणेश चतुर्थी पर झमाझम बारिश, IMD का देहरादून सहित 7 जिलों में मूसलाधार वर्षा और बिजली गिरने का अलर्ट