भारतीय संस्कृति दुनिया की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति दुनिया की सर्व
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति दुनिया की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है। पूरा विश्व आज भारतीय संस्कृति को आत्मसात करना चाहता है, भारत की यही खूबी एक बार फिर से भारत को विश्व गुरु के पद पर प्रतिष्ठित करेगी।
बुधवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य परमार्थ निकेतन पहुंची। इस अवसर पर कथा मंच पर मालू परिवार के सदस्यों ने राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज व जीवा की अन्तरराष्ट्रीय महासचिव साध्वी भगवती सरस्वती का स्वागत किया। स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने मां गंगा के पावन तट और भगवान नीलकंठ की धरती का महात्म्य बताते हुए कहा कि सागर मंथन के समय जो जहर निकला था भगवान नीलकंठ ने उसका पान कर पूरी धरा को विषमय होने से बचाया था। उन्होंने भगवान शिव की धरती को प्रदूषण और प्लास्टिक से मुक्त करने का सभी से आह्वान किया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने व्यासपीठ पर विराजमान पं. मोहनलाल व्यास को नमन करते हुए कहा कि कथा व सत्संग के श्रवण से जो प्रेम और आशीर्वाद प्राप्त होता है वह जीवन भर हमारे पास रहता है। उन्होंने मां गंगा की तरह यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने का आह्वान किया। कथा व्यास पं. मोहनलाल व्यास ने श्रीमद्भागवत कथा में कालिया नाग के प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आज नदियों में जो प्रदूषण बढ़ रहा है वह भी कालिया नाग के विष की तरह खतरनाक है, उससे भी नदियों का जल एवं जलीय जीवन प्रभावित हो रहा है अत: जिस प्रकार भगवान श्री कृष्ण ने यमुना को कालिया के विष से मुक्त कराया था आज फिर से यमुना को प्रदूषण से मुक्त करने का समय आ गया है। इस अवसर पर कथा यजमान दामोदरलाल, पूनमचंद,पुरूषोत्तम , श्रवणकुमार मालू ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य का स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सुशील कुमार, एसएसपी जगतराम जोशी, यूनाइटेड नेशन की संस्था विश्व वॉटर सप्लाई एण्ड सेनिटेशन कोलाबरेटिव कांउसिल के निदेशक रोल्फ, उपनिदेशक सुकोड्स व विनोद मिश्रा आदि उपस्थित थे।