घर के अंदर हो रहा था झगड़ा, पत्नी चिल्लाते हुए निकली बाहर... पति ने पाठल से काट दिया गला
कालसी तहसील के कचटा गांव में एक ग्रामीण मनोज ने अपनी पत्नी नीलम की पाठल से हमला कर नृशंस हत्या ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र जागरण, कालसी। गुरुवार शाम को जौनसार बावर के कालसी तहसील से जुड़े कचटा गांव में एक ग्रामीण ने पाठल से हमला कर पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपित पति मौके से फरार हो गया, जिसे राजस्व पुलिस तलाश कर रही है।
पति पत्नी के बीच कमरे में आपसी विवाद हुआ। जिसके बाद पत्नी चिल्लाते हुए बरामदे में पहुंची तो आरोपित पति ने वहां रखे पाठल से उसकी गर्दन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। राजस्व पुलिस टीम ने शव कब्जे में ले लिया। मौके से पाठल बरामद किया।इसके बाद परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
चार साल पहले हुई थी शादी
करीब चार साल पहले नीलम का विवाह मनोज के साथ हुआ था। मनोज गांव में परिवार के साथ खेती बाड़ी का काम करता है। गुरुवार को मनोज का नीलम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद से महिला कमरे से चिल्लाते हुए बाहर की तरफ दौड़ी। चिल्लाने की आवाज सुनकर घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल कमरे से बाहर निकली। पत्नी की गर्दन पर हमला कर पति उसे लहूलुहान हालत में तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया। किशोरी ने घटना की सूचना परिजनों व अन्य लोगों को दी।
सूचना के तुरंत बाद नायब तहसीलदार कालसी रवींद्र असवाल व नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के समय वहां मौजूद चश्मदीद गवाह किशोरी के बयान दर्ज किए तथा परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की। नृशंस हत्याकांड से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
