सदन ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी को दी श्रद्घांजलि
मानसून सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि स्व. वाजपेयी ने हमेशा मूल्यों से आधारित राजनीति की।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मानसून सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि स्व. वाजपेयी ने हमेशा मूल्यों से आधारित राजनीति की। उन्होने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया। जब अन्य लोगों ने इसका श्रेय लेने को विवाद शुरू किया तो उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विधाता ने बनाया है। उनके योगदान को याद करते हुए आयुष्मान भारत योजना में छूट गए लोगों के लिए प्रदेश सरकार ने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना शुरू की है।
मंगलवार को सदन में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व ने कई पीढि़यों को प्रभावित किया। उनका जीवन बहुआयामी व सादगी भरा था। उन्होंने कहा था कि देश पहले है और राजनीतिक दल इसके बाद। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा पूर्व प्रधानमंत्री आम कार्यकर्ताओं के बीच खासे लोकप्रिय थे। भारतीय संस्कृति पर उन्हें अटूट विश्वास था। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़े संस्मरण भी सुनाए। अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जाने से एक चमकता नक्षत्र डूब गया। उत्तर प्रदेश में उन्होने शिक्षक संगठनों का नेतृत्व किया। तब ऐसा नहीं लगता था कि वह किसी दल विशेष के हैं। जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब उन्होंने बिना भेदभाव के प्रदेश का नाम बदला और विशेष पैकेज भी दिया। संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सिर्फ भाजपा के नहीं नेता नहीं थे वह ऐसे नेता थे जिन्होंने भारतीय राजनीति के इतिहास में अपनी छाप छोड़ी। विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति थे जो व्यक्ति नहीं बल्कि विचारों की लड़ाई लड़ते थे।
सदन में विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ चौहान, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय के अलावा विधायक बंशीधर भगत, मुन्ना चौहान, सुरेश राठौर, देशराज कर्णवाल, हरबंश कपूर व विनोद चमोली ने भी पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।