देहरादून में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर हुआ था जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
पिछले दिनों हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को देहरादून में जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया था।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को जान से मारने का प्रयास का मामला सामने आया है। यह घटना तब की बताई जा रही है जब वह 11 अप्रैल को डीएवी कालेज में आयोजित एक कार्यक्रम में आए हुए थे।
आरोप है कि हथियारबंद बदमाश फार्च्यूनर कार में पीछा करते हुए राजपुर रोड स्थित होटल हयात तक पहुंचे। शोर मचने पर वह फरार हो गए। गायक के भाई की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
डीएवी कालेज था कार्यक्रम
पुलिस को दी शिकायत में विकास वत्स निवासी गांव ब्राह्मणवास, जिला जींद, हरियाणा ने बताया कि उनका भाई मासूम शर्मा हरियाणवी सिंगर है, जिनका 11 अप्रैल को डीएवी कालेज कार्यक्रम था। इसके लिए वह 10 अप्रैल की रात अपने सुरक्षा कर्मियों और साथियों के साथ राजपुर रोड स्थित हयात होटल रेजीडेंसी में पहुंचे थे।
दो कारों में हथियारबंद लोग उनका पीछा करते हुए होटल में घुस गए और उनमें से दो अज्ञात लोगों ने होटल स्टाफ से मासूम शर्मा के कमरे और अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसी दौरान मासूम शर्मा के सहयोगी परवीन से भी उन्होंने जानकारी जुटाने का प्रयास किया, तब परवीन ने उनसे पूछताछ की। बदमाशों ने परवीन को हथियार दिखाते हुए कहा कि वह मासूम को मारने आए हैं और मासूम शर्मा के कमरे के बारे में पूछने लगे।
बदमाशों ने परवीन को गाली देते हुए धमकाया और मासूम को नीचे बुलाने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जब तक वह कुछ समझ पाते वह लोग होटल से दिल्ली नंबर की सफेद फार्च्यूनर और एक दूसरी कार टेंपररी नंबर लाल रंग से बाहर निकल गए।
थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
