हरीश रावत का कांग्रेस पर बड़ा बयान, ‘पार्टी के लिए बोझ हुआ तो घर बैठ जाऊंगा, लेकिन टूट नहीं सकता’
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की है, कहा कि यदि वह ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी में अपनी भूमिका और नेतृत्व के प्रति निष्ठा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं है और नेतृत्व के प्रति आस्था लोकतंत्र को शक्ति देती है।
यदि उन्हें कभी लगा कि वह पार्टी के लिए बोझ बन रहे हैं या नेतृत्व की ओर से घर बैठने को कहा गया, तो वह बिना किसी हिचक के आदेश का पालन करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर सही आकलन किया जाना चाहिए।
हरीश रावत ने इंटरनेट मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में अपने राजनीतिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2002 और 2012 में भी उनकी कठिन परीक्षा हुई, लेकिन वह अटूट रूप से पार्टी के साथ खड़े रहे और कांग्रेस के झंडे को ऊंचा उठाए रखा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने भी उन्हें केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री बनाकर सम्मान दिया।
‘लुढ़क सकता हूं, लेकिन टूट नहीं सकता’
अपने राजनीतिक संकल्प को रेखांकित करते हुए रावत ने कहा, ‘लुढ़कते-लुढ़कते, घिसते-घिसते, शून्य में मिल सकता हूं, लेकिन टूट नहीं सकता हूं।’ उन्होंने खुद को विशुद्ध उत्तराखंडी, गढ़वाली और कुमाऊंनी बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों का समर्थन आज भी उनके साथ है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड कांग्रेस में बढ़ी हलचल, चुनाव से पहले हरक सिंह रावत ने छेड़ा 2016 की बगावत का मुद्दा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में लालकुआं और किच्छा क्षेत्र के दौरे के दौरान कई लोगों ने उनसे मुलाकात की। लोगों ने उनसे यह भी कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि वह चुनाव कैसे हार गए। रावत के अनुसार, अब चुनावी हार के कारणों को लेकर मतदाता भी खुलकर अपनी बात रखने लगे हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
हरीश रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके पीछे सीबीआइ और ईडी जैसी एजेंसियां लगाई गईं। उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों और विभिन्न दलों के अध्यक्षों को सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि उन्हें कोई सुविधा नहीं दी जा रही। रावत ने सवाल उठाया कि क्या यह इस बात का संकेत नहीं है कि भाजपा आज भी उन्हें अपना प्रतिद्वंद्वी मानती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा उनकी छवि बिगाड़ने के लिए इंटरनेट मीडिया पर लगातार प्रयास कर रही है। रावत के मुताबिक, उनकी छवि खराब करने के लिए चार-चार पेज तक समर्पित किए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि उत्तराखंड में ऐसा और कौन नेता है, जिसकी छवि बिगाड़ने के लिए भाजपा इतना प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- हाईकमान के दर पर पहुंचे हरीश रावत, नौ धन्यवाद यात्राएं की रद
‘मैं पूरक हूं, इस्तेमाल करना नेतृत्व को तय करना है’
कांग्रेस के भीतर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को लेकर भी रावत ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें इस बात का दुख है कि कुछ लोग उनके साथ प्रतिस्पर्धा करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके अनुसार वह इस समझ से आगे निकल चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कभी उन्हें पीछे खींचने तो कभी उनकी राह में बाधा डालने का प्रयास करते हैं।
रावत ने कहा कि वह खुद को पार्टी के लिए एक पूरक के रूप में देखते हैं और यदि पार्टी उनका उपयोग करना चाहती है तो वह उपलब्ध हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उपयोग करना है या नहीं, इसका निर्णय उन लोगों को करना है जिनके पास राजनीतिक रणनीति और निर्णय लेने की जिम्मेदारी है।
