'हरीश रावत ड्रामेबाज और कांग्रेस प्लेसमेंट एजेंसी, बच्चों को एडजस्ट करने का बना रहे दबाव', हरदा पर बड़ा आरोप
भाजपा विधायक विनोद चमोली ने पूर्व सीएम हरीश रावत को 'ड्रामेबाज' बताया और कहा कि कांग्रेस उनके लिए एक 'प्लेसमेंट एजेंसी' है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक विनोद चमोली ने पूर्व सीएम हरीश रावत के रोड शो पर निशाना साधते हुए कहा कि हरदा से बेहतर ड्रामेबाज नेता कोई और नहीं है, जो कल तक इस्तीफा दे रहे थे वे आज ग्रैंड स्वागत करवा रहे हैं। सच यह है कि जनता की नजरों में कांग्रेस पार्टी एक्सपोज और उनके नेता फ्यूज साबित हो गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरीश रावत के मुख्यमंत्रित्व काल में उत्तराखंड में भ्रष्टाचार चरम पर था। अब तक भ्रष्टाचार की कलई खुल रही है। उनके ओएसडी के यहां जब ईडी का छापा पड़ा तो उससे जो खुलासा हुआ वो कहीं न कहीं हरीश रावत की उसमें संलिप्तता होना दर्शाता है।
यह भी पढ़ें- हरीश रावत के शक्ति प्रदर्शन पर भाजपा का निशाना, कांग्रेस की अंदरूनी कलह बनी भाजपा का चुनावी मुद्दा
सहानुभूति का माहौल बनाने का प्रयास
इसी से घबराकर हरीश रावत ने इस्तीफे की पेशकश की और अपने पक्ष में सहानुभूति का माहौल बनाने का प्रयास किया। इसी क्रम में कांग्रेस में भी उन्होंने अलग से एक अपना चरित्र दिखाने का प्रयास किया कि मैं कांग्रेस में बड़ा समर्पित हूं, मेरे कारण कांग्रेस को नुकसान नहीं होना चाहिए, इसलिए मैं इस्तीफे की पेशकश करता हूं।
चमोली ने तंज कसा कि इतना बड़ा ड्रामा किंग उन्होंने नहीं देखा। रावत अब शक्ति परीक्षण कर कांग्रेस पर फिर से दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप लगाया कि रावत का न तो कांग्रेस से लेना-देना रहा, न उत्तराखंडियत और जनता से।
यह भी पढ़ें- पूर्व सीएम हरीश रावत ने अब खाई मां की सौगंध और कर दिया बड़ा ऐलान, उत्तराखंड की राजनीति में फिर हलचल
उनको सिर्फ अपने परिवार और अपने बच्चों को एडजस्ट करना है। कांग्रेस उनके लिए एक राजनैतिक प्लेसमेंट एजेंसी की तरह है। उस पर दबाव बनाने के लिए ही यह सब काम हो रहा है। इसके अलावा हरीश रावत का कोई दूसरा एजेंडा नहीं है।
हरक सिंह अवसरवादी, अनुकृति पहाड़ की बेटी
चमोली ने कांग्रेस नेता डा.हरक सिंह रावत के भाजपा प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं को लेकर दिए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अनुकृति पहाड़ की बेटी है, और पहाड़ की बेटी किसी से डरती नहीं है। अगर वह भाजपा के साथ आई है, तो विचारधारा के आधार पर आई है। हरक सिंह रावत अवसरवादी हैं, भाजपा ने ही उस नेतृत्व को भी उभारा था, जो आज कांग्रेस के मंचों पर चिल्ला रहा है।
