राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने बाल दिवस पर दी शुभकामनाएं
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस (बाल दिवस) पर सभी प्रदेशवासियों, विशेषकर बच्चों को शुभकामनाएं दी हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस (बाल दिवस) पर सभी प्रदेशवासियों, विशेषकर बच्चों को शुभकामनाएं दी हैं। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी सभी प्रदेशवासियों व बच्चों को बालदिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बाल दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में कहा है कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। बदलते दौर में बच्चों के पालन, पोषण और शिक्षा के प्रति पहले से कहीं अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और स्वास्थ्य का बुनियादी अधिकार देकर ही हम एक स्वस्थ्य और खुशहाल समाज की नींव रख सकते हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह होने के कारण उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चे देश का भविष्य हैं। देश के बेहतर भविष्य के लिए बच्चों की अच्छी तालीम तथा संस्कारवान बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने अपने संदेश में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं निर्धारित लक्ष्य में सफल होकर सफलता की ऊंचाइयों को हासिल करने की कामना की है।