Move to Jagran APP

वित्तीय, शैक्षिक, औद्योगिक तरक्की से ही विकास संभव: राज्यपाल

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश का विकास तभी संभव है जब हम वित्त शिक्षा स्वास्थ्य उद्योग समेत सभी क्षेत्रों में प्रगति करें

By Sunil NegiEdited By: Published: Sun, 10 Nov 2019 09:00 AM (IST)Updated: Sun, 10 Nov 2019 09:00 AM (IST)
वित्तीय, शैक्षिक, औद्योगिक तरक्की से ही विकास संभव: राज्यपाल

देहरादून, जेएनएन। प्रदेश का विकास तभी संभव है, जब हम वित्त, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग समेत सभी क्षेत्रों में प्रगति करें। इसके लिए हमें लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना होगा, तभी राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के उत्तराखंड का निर्माण पूर्ण हो सकेगा। साथ ही यह भी ध्यान रखना होगा कि यहां के नदी, जंगल और वन्यजीव देश की धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना भी हमारा दायित्व है। ये बातें राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शनिवार को पुलिस लाइन में राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं। 

loksabha election banner

राज्य स्थापना दिवस पर रेसकोर्स रोड स्थित पुलिस लाइन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड का निरीक्षण मुख्य अतिथि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने किया। इसके बाद परेड कमांडेंट तृप्ति भट्ट केनेतृत्व में राज्यपाल को सलामी दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। परेड के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रगति और खुशहाली के लिए पूर्ण पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए जीवन का बलिदान करने वाले शहीदों, संघर्ष करने वाले तमाम आंदोलनकारियों और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भी नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी वर्गों सैनिक, महिला, युवाओं की प्रगति के लिए अलग-अलग सम्मेलन कर उनसे वार्ता की गई है। उनके सुझाव के अनुसार योजना बनाई जाएगी ताकि प्रदेश का विकास को गति मिले। 

 

पुलिस को साइबर स्मार्ट होने की जरूरत: राज्यपाल

कार्यक्रम में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल भारत को बढ़ावा देने के लिए पुलिस को साइबर स्मार्ट होने की जरूरत है। प्रदेश के पुलिस थानों में आमजन बिना भय के पीड़ा बता सकें, इसके लिए 130 थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं।

बाकी थानों में भी सीसीटीवी लगाने का काम तेजी से चल रहा है। महिला अपराध पर लगाम कसने और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस भर्ती में महिलाओं को 12 फीसदी आरक्षण दिया गया है। प्रत्येक थाने में एक महिला दरोगा और चार महिला कांस्टेबल तैनात की गई हैं।

उन्होंने राज्य सरकार को राज्य स्थापना दिवस समारोह एक दिन के बजाय एक सप्ताह तक मनाए जाने के लिए भी शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई जनहित की महात्वाकांक्षी योजनाएं प्रदेश में संचालित की जा रही हैं।

रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त सीओ संजीव कुमार कौशिक, रिटायर्ड अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र पाल सिंह, पुलिस पदक प्राप्त रिटायर्ड सीओ हरीश चंद्र भट्ट, रिटायर्ड दरोगा पीएस भंडारी, रिटायर्ड सेनानायक रामप्रसाद को पुलिस पदक देकर सम्मानित किया।

यह भी पढ़ें: इगास पर्व के रंग देख अभिभूत हुए संबित पात्रा, कहा-परंपराओं को बढ़ावा देकर होगा रिवर्स पलायन

पुलिस ने दिखाए हैरतअंगेज स्टंट

अंत मे पुलिस के श्वान दल, आपदा प्रबंधन दस्ते, आतंकरोधी दस्ते और नागरिक पुलिस ने हैरतअंगेज स्टंट दिखाए। मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने इस मौके पर पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया। इस दौरान मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान, उमेश शर्मा, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, प्रमुख सचिव गृह नितेश झा, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अनिल रतूड़ी, डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार, आइजी संजय गुंज्याल, डीआइजी अजय रौतेला, एसएसपी अरुण मोहन जोशी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले, समान नागरिक संहिता का आ गया है समय


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.