राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना की
उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से देश की खुशहाली की कामना की। धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने उनकी पूजाएं संपन्न कराई। इस दौरान उनके पति प्रदीप मौर्य भी साथ मौजूद रहे।
गोपेश्वर (चमोली), जेएनएन। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से देश की खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य सुबह 9:45 बजे हेलीकाप्टर से बदरीनाथ धाम स्थित हेलीपैड पर उतरीं। यहां से प्रशासन की टीम ने वाहन के जरिये उन्हें साकेत तिराहे तक ले जाया गया। राज्यपाल साकेत तिराहे से बदरीनाथ मंदिर तक पैदल पहुंची। इस दौरान मंदिर मार्ग पर उन्होंने व्यापारियों से माला और अन्य धार्मिक वस्तुएं खरीदी। उसके बाद राज्यपाल सीधे मंदिर के अंदर पहुंची। जहां पर धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने उनकी पूजाएं संपन्न कराई। राज्यपाल ने भगवान की स्तुति करते हुए देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनके पति प्रदीप मौर्य भी साथ मौजूद रहे।
राज्यपाल ने पति के साथ ब्रह्मकपाल तीर्थ पहुंचकर पित्रों का पिंडदान और तर्पण भी कराया। पिंडदान तर्पण के बाद राज्यपाल का काफिला बदरीनाथ स्थित माणा बस स्टेंड पर पहुंचा। यहां पर राज्यपाल ने मेधावी 30 छात्र छात्राओं को स्मार्ट फोन भी वितरित किए। राज्यपाल ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में दान, गरीबों को दिया गया भोजन सीधे ईश्वर को जाता है। उन्होंने कहा कि पूरा देश व उत्तराखंड प्रदेश इस समय कोरोना महामारी से ग्रसित है।
उन्होंने कहा कि मैंने भगवान बदरी विशाल से देशवासियों व प्रदेशवासियों को स्वस्थ व अच्छा रहने मनौती मांगी है। राज्यपाल ने कहा कि भगवान बदरी विशाल से उन्होंने प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना भी की। जिससे वह देश के हित में हमेशा कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में स्मार्ट फोन वितरित किए गए। ताकि यहां के नौनिहालों को बेहतर शिक्षा मिल सके। बताया कि उन्होंने छात्र छात्राओं को सेनिटाइजर व मास्क भी बांटे। ताकि कोरोना महामारी के इस दौर में बच्चे स्वस्थ रह सकें।