तृतीय एसीपी को लेकर जल्द कार्रवाई करे सरकार
प्रांतीय वन सेवा संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन में प्रांतीय वन सेवा संघ ने वन मंत्री के समक्ष छह सूत्रीय मांग पत्र रखा और जल्द कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, देहरादून :
प्रांतीय वन सेवा संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन में प्रांतीय वन सेवा संघ ने वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के समक्ष छह सूत्रीय मांग पत्र रखा। उन्होंने प्रांतीय सेवा के अधिकारियों को तृतीय एसीपी का लाभ देने सहित वन क्षेत्राधिकारी संवर्ग को राज्य वन सेवा में सम्मिलित करने व सहायक वन संरक्षक के पद पर सीधी भर्ती पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। वन मंत्री ने आश्वासन दिया कि संघ के जो न्यायोचित मांगे होंगी उन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
वसंत विहार के इंदिरानगर में आयोजित प्रांतीय वन सेवा संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ वन मंत्री हरक सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। अधिवेशन में संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्रा ने राज्य वन सेवा के पदों का पुनर्गठन, भारतीय वन सेवा 33.33 प्रशित प्रोन्नति कोटे पर राज्य वन सेवा के कार्मिकों का हक सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगें रखी। वन मंत्री ने कहा कि संपूर्ण दुनिया की जैवविविधता की एक तिहाई जैव विविधिता उत्तराखंड में है। इसीलिए हमारी जिम्मेदारी अन्य देशों और प्रदेशों से सबसे अधिक है। संघ की पदोन्नति, कैडर चेंज सहित विभिन्न मांगों पर सहमति जताते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग काम कर रहे हैं, उन्हें पदोन्नति का अवसर मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण आनंद वर्द्धन ने कहा कि कि परिस्थितियों के हिसाब से उनकी मांगों पर आवश्यक विचार किया जाएगा। अधिवेशन में संघ के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा, एसएस रसैली, पूर्व प्रमुख वन संरक्षक एसके दत्ता, विभिन्न संघों के प्रतिनिधि और प्रांतीय वन सेवा के सदस्य मौजूद रहे।
------------
इंद्रेश अध्यक्ष और धनंजय बने महामंत्री
अधिवेशन के बाद प्रांतीय वन सेवा संघ ने नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव संपन्न कराए गए। चुनाव में इंद्रेश उपाध्याय को संघ का प्रांतीय अध्यक्ष और धनंजय प्रसाद को महामंत्री चुना गया। इसके अतिरिक्त उमेश तिवारी को उपाध्यक्ष, रंगनाथ पांडे को कोषाध्यक्ष केपी वर्मा को संगठन मंत्री चुना गया। नवीन पंत को कुमांऊ मंडल जबकि सुबोध काला का गढ़वाल मंडल का संगठन मंत्री चुना गया।