दून का गांधी पार्क आमजन के लिए खुला, पैदल सैर से पहले इन बातों का रखना होगा ध्यान
कोरोना संक्रमण के चलते 15 मार्च को बंद किया गया दून का गांधी पार्क गुरुवार सुबह साढ़े छह माह बाद आमजन के लिए खोल दिया गया है। पार्क जरूर खुल गए हैं लेकिन शर्त के साथ। बिना मॉस्क के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
देहरादून, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के चलते 15 मार्च को बंद किया गया दून का गांधी पार्क गुरुवार सुबह साढ़े छह माह बाद आमजन के लिए खोल दिया गया है। पार्क जरूर खुल गए हैं, लेकिन शर्त के साथ। बिना मॉस्क के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पार्क में शारीरिक दूरी का न केवल पालन करना होगा बल्कि पार्क में प्रवेश से पहले आमजन की थर्मल स्क्रीनिंग भी करने के आदेश दिए गए हैं। अभी पार्क में केवल सुबह पांच बजे से आठ बजे तक तीन घंटा पैदल सैर करने की अनुमति है।
पार्क खोलने से पहले बुधवार को महापौर सुनील उनियाल गामा ने निगम अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क को सैनिटाइज किया गया। महापौर ने अधिकारियों को गुरुवार सुबह पांच बजे से तीन घंटे के लिए सैर को लेकर पार्क खोलने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि अभी पार्क ट्रॉयल पर तीन घंटे के लिए खोला जा रहा। इसके बाद समीक्षा की जाएगी और फिर शाम को भी पार्क को खोलने पर निर्णय लिया जाएगा। अनलॉक-4 में पार्क खोलने के आदेश दिए गए थे। इसके लिए तमाम मानक तय करने के भी आदेश दिए गए।
इसी के तहत महापौर ने पिछले दिनों निगम अधिकारियों को गांधी पार्क खोलने की योजना बनाने और वहां साफ-सफाई का कार्य कराने के निर्देश दिए थे। यह कार्य बुधवार को पूरा हो गया। बुधवार को निरीक्षण के दौरान महापौर गामा ने म्यूजिकल फाउंटेन का कार्य भी देखा एवं इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। महापौर द्वारा अधिकारियों को गेट पर दो गार्ड तैनात करने समेत गेट पर सैनिटाइजर मशीन लगाने और हाथों का सैनिटाइजेशन कराने के बाद पार्क में प्रवेश करने देने के निर्देश दिए गए।
अभी बंद रहेगा ओपन जिम
संक्रमण के मद्देनजर अभी गांधी पार्क में लगा ओपन जिम और चिल्डेन पार्क बंद ही रहेगा। महापौर ने बताया कि ओपन जिम में लगे उपकरणों का बार-बार प्रयोग करने से संक्रमण का खतरा है।
खांसी-जुकाम पर नहीं मिलेगा प्रवेश
अगर आपको खांसी-जुकाम या बुखार है तो फिलहाल गांधी पार्क न जाएं। निगम के अधिकारियों ने बताया कि मास्क पहनना तो अनिवार्य है ही, यदि बीमारी के लक्षण दिखे तो गेट से ही लौटा दिया जाएगा।
स्मार्ट सिटी का कार्य देखा
गांधी पार्क के निरीक्षण के बाद महापौर ने पटेल मार्ग पर सेंट थॉमस स्कूल के समीप चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यो का निरीक्षण किया। महापौर ने सड़क पर हुए गड्ढ़ों पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को इन गड्ढों को भरकर पैचवर्क कराने के निर्देश दिए।
गांधी जयंती पर कार्यालयों में गूंजेगी रामधुन
दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर देहरादून के कार्यालयों में रामधुन ‘श्रीराम जय राम जय जय राम..’ गुंजायमान होगी। साथ ही, महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके पद्चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया जाएगा। यह निर्देश बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने गांधी जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर जारी किए। कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती पर सभी सरकारी संस्थानों में सुबह आठ बजे राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Unlock 5.0: उत्तराखंड में भी खुलेंगे सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स, कल जारी होगी गाइडलाइन