रकम दोगुनी करने के चक्कर में गंवाए छह लाख
जागरण संवाददाता, देहरादून: रकम को दोगुना करने का लालच नेहरू कॉलोनी निवासी एक युवक को
जागरण संवाददाता, देहरादून: रकम को दोगुना करने का लालच नेहरू कॉलोनी निवासी एक युवक को मंहगा पड़ गया। महिला ठगों के जाल में फंसकर वह अपने छह लाख रुपये गंवा बैठा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक विनय कुमार खत्री पुत्र रविनाथ खत्री निवासी कॉन्वेंट रोड डालनवाला की व्हाट्सएप के जरिये दो महिलाओं जसमीत कौर और आरुषि के साथ जनवरी में जान-पहचान हुई। दोनों महिलाएं कई दिनों तक उसके साथ व्हाट्सएप पर चैटिंग करती रहीं और दोनों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोपितों ने पीड़ित को बताया कि वह बिजनेस करती हैं। अगर वह उसमें अपना पैसा लगाता है तो उसे कुछ दिनों में दोगुनी रकम मिल जाएगी। पीड़ित भी महिला ठगों के झांसे में आ गया और उसने अपने पिता जो कि वन विभाग से उप प्रभागीय वनाधिकारी के पद से रिटायर्ड हैं के खाते से महिलाओं द्वारा बताए गए खातों में पहले चार लाख नब्बे हजार और इसके बाद एक लाख दस हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद कुछ दिन तक तो वह उसे झांसा देते रहे, बाद में उन्होंने उसके साथ चैटिंग करना बंद कर दिया और जिस नंबर से वह चैट करते थे वह भी बंद कर दिया। जिसके बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित के मुताबिक वह बेरोजगार है, बिजनेस के चक्कर में वह महिलाओं के झांसे में आ गया। एसओ नेहरू कॉलोनी राजेश शाह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला ठगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।