किटी के नाम पर सेवानिवृत स्वास्थ्य कर्मी से 3 लाख 39 हजार की ठगी
स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत सुनीता ने किटी के नाम पर तीन लाख से ज्यादा की ठगी का एक महिला पर आरोप लगाया है।
देहरादून, जेएनएन। किटी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पटेलनगर का है। जहां स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत कर्मी सुनीता ने एक महिला पर किटी के नाम से 3 लाख 39 हजार रुपये से अधिक की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही कर्इ अन्य महिलाएं भी सामने आर्इ हैं।
दरअसल, सुनीता सरीन, गुरशरण बैरी पत्नी नवनीत बेरी और रश्मि गोयल पत्नी दीनानाथ गोयल निवासी भंडारी बाग समेत करीब एक दर्जन महिलाओं ने चंद रोज पहले एसएसपी निवेदिता कुकरेती से मिलकर एक अन्य महिला पर किटी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। पीड़ित महिलाओं में से सुनीता स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत हैं।
शुक्रवार को पटेलनगर पुलिस ने उनकी तहरीर पर सोनिया मिड्ढा पत्नी स्व. जिंदर मिड्ढा निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी भंडारी बाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सुनीता का आरोप है कि सोनिया क्षेत्र में ही बुटीक चलाती है। दो साल पहले उन्होंने सोनिया के साथ किटी में पैसे लगाए। किटी पूरी होने के बाद 3 लाख 39 हजार रुपये सोनिया वापस नहीं कर रही है।
वहीं, अन्य दोनों महिलाओं ने भी तीन-तीन लाख रुपये से अधिक की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। इस मामले में ठगी की शिकार महिलाओं की संख्या बढ़ सकती है और ठगी की रकम का आंकड़ा एक करोड़ रुपये से भी ऊपर पहुंच सकता है। इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। यदि और भी शिकायतें आती हैं तो उन्हें भी विवेचना में शामिल किया जाएगा। सोनिया की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: यहां जमीन के नाम पर हर दो दिन में लुट रहे तीन लोग, जानिए
यह भी पढ़ें: पॉलिसी अपडेट के नाम पर पंद्रह लाख ठगे, एक गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन शापिंग कर चिकित्सक को लगाई 80 हजार की चपत