विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दून स्कूल में चार और छात्र कोरोना संक्रमित, दो सप्ताह में आठ छात्रों में हो चुकी है कोरोना की पुष्टि

By Sunil NegiEdited By:
Published: Fri, 29 Oct 2021 09:23 PM (GMT+05:30)

देहरादून के दून स्कूल के चार और छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दून स्कूल में करीब दो ...और पढ़ें

दून स्कूल के चार और छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
दून स्कूल के चार और छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। दून स्कूल के चार और छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। पिछले करीब दो हफ्ते में स्कूल के आठ छात्र पाजिटिव मिले हैं। स्कूल प्रबंधन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सभी संक्रमित छात्रों को स्कूल में ही आइसोलेट किया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से उनकी देखरेख की जा रही है।

जिला सर्विलांस अधिकारी डा. राजीव दीक्षित ने बताया कि लगभग दो हफ्ते पहले स्कूल के छात्र चंडीगढ़ से लौटे थे। जिन्हें नियमानुसार स्कूल में ही अलग कमरों में आइसोलेशन में रखा गया था। दो छात्रों की आरटीपीसीआर जांच में कोरोना की पुष्टि होने पर बाकी छात्रों और उनके संपर्क में आए स्टाफ की भी कोरोना जांच कराई गई। जिसमें दो और छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसी तरह अब बुधवार को तीन और गुरुवार को एक छात्र में कोरोना की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि संक्रमित मिले छात्रों की स्थिति सामान्य है। स्कूल का मेडिकल स्टाफ भी छात्रों की देखरेख कर रहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।

दो और व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि

डेंगू का कहर थम नहीं रहा है। शुक्रवार को भी देहरादून जनपद में दो और व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। ऋषिकेश निवासी 19 वर्षीय युवती में डेंगू की पुष्टि हुई है, जोकि एसपीएस अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा सीमाद्वार निवासी 29 वर्षीय व्यक्ति में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। वह जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन अस्पताल) में भर्ती है। इस तरह जिले में अब तक डेंगू के 111 मामले सामने आ चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि डेंगू की रोकथाम के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। जिन इलाकों में डेंगू के मामले मिले हैं, वहां पर नगर निगम के सहयोग से दवा का छिड़काव व फागिंग की गई है। साथ ही टीमों ने घरों का भी सर्वे किया है। जिन घरों में मच्छर का लार्वा मिला, उसे मौके पर ही नष्ट किया गया। जनसामान्य को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया गया।

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने आमजन से अपील की है कि वह अपने घर व आसपास खाली बर्तनों में पानी जमा न होने दें। डेंगू की बीमारी फैलाने वाला मच्छर साफ रुके हुए पानी में पनपता है। उनसे स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की गई है।

यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Coronavirus: उत्‍तराखंड में आज सामने आए कोरोना के सात नए मामले, सात मरीज हुए स्वस्थ