वानिकी अनुसंधान सलाहकार समिति के सदस्य नामित
वन विभाग की वानिकी अनुसंधान सलाहकार समिति (आरएसी) के लिए पर्यावरण और जैव विविधता के क्षेत्र में कार्य करने वाले नए सदस्य नामित कर दिए गए हैं।
By Edited By: Published: Sun, 17 Jun 2018 03:00 AM (IST)Updated: Tue, 19 Jun 2018 10:42 AM (IST)
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश के वन क्षेत्रों में हो रहे अनुसंधान की समीक्षा और नए शोध का रास्ता तय करने वाली वन विभाग की वानिकी अनुसंधान सलाहकार समिति (आरएसी) के लिए पर्यावरण और जैव विविधता के क्षेत्र में कार्य करने वाले नए सदस्य नामित कर दिए गए हैं। वहीं, समिति की बैठक के लिए 28 जून की तिथि भी तय कर दी गई है, जो वन मुख्यालय में होगी। वानिकी अनुसंधान सलाहकार समिति के अध्यक्ष वन विभाग के मुखिया प्रमुख मुख्य वन संरक्षक होते हैं, जबकि वन संरक्षक अनुसंधान वृत्त सदस्य सचिव। समिति के विभागीय सदस्यों में मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष, मुख्य वन संरक्षक कार्ययोजना, वन अनुसंधान संस्थान व भारतीय वन्यजीव संस्थान के प्रतिनिधियों के अलावा पांच विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ सदस्य होते हैं। अब इस समिति के सदस्य के लिए उत्तराखंड कैंपा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी नामित किया गया है। इसके अलावा विभाग से बाहर के चार विशेषज्ञों को समिति का सदस्य बनाया गया है। प्रमुख मुख्य वन संरक्षक जय राज ने इस संबंध में आदेश निर्गत कर दिए हैं। इन सदस्यों में वृक्ष मित्र पुरस्कार से सम्मानित लोक चेतना मंच रानीखेत के अध्यक्ष जोगेंद्र बिष्ट, हिमालयन एक्शन रिसर्च सेंटर के अध्यक्ष महेंद्र सिंह कुंवर, गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो.एसपी सिंह, पर्यावरणविद् डॉ.अजय रावत शामिल हैं। समिति की बैठक की तिथि भी तय कर दी गई है। वन संरक्षक अनुसंधान वृत्त संजीव चतुर्वेदी के अनुसार समिति की बैठक 28 जून वन मुख्यालय के मंथन सभागार में होगी, जिसमें विभिन्न मसलों पर विमर्श किया जाएगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें