Farmers Protest: किसान संगठनों से वार्ता में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करेंगे सीएम हरीश रावत
Farmers Protest कृषि कानूनों को लेकर मुखर किसान संगठनों से होने वाली राजनीतिक दलों की वार्ता में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के महासचिव हरीश रावत करेंगे। इस सिलसिले में रावत रविवार देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। Farmers Protest कृषि कानूनों को लेकर मुखर किसान संगठनों से होने वाली राजनीतिक दलों की वार्ता में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के महासचिव हरीश रावत करेंगे। इस सिलसिले में रावत रविवार देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
आंदोलनरत किसानों की 15 जनवरी को दिल्ली में केंद्र सरकार से वार्ता होनी है। इससे पहले कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दल किसान संगठनों से वार्ता करेंगे, ताकि केंद्र से होने वाली वार्ता के बिंदुओं के साथ ही आगामी रणनीति तय की जा सके। इस क्रम में कांग्रेस ने अपने प्रतिनिधि के तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत को भी अधिकृत किया है।
असल में पूर्व मुख्यमंत्री रावत कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भी हैं। किसान आंदोलन में पंजाब के किसानों की भागीदारी अधिक है। माना जा रहा है कि इस सबको देखते हुए किसान संगठनों से होने वाली वार्ता में पार्टी की ओर से शामिल होने का जिम्मा रावत को दिया गया है। उधर, कांग्रेेस के महासचिव रावत ने बताया कि वह किसानों से वार्ता के सिलसिले में रविवार सुबह दिल्ली रवाना हो रहे हैं।
स्वतंत्रता सेनानी देवेंद्र शास्त्री का भावपूर्ण स्मरण
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और भाजपा नेता देवेंद्र शास्त्री की पुण्यतिथि पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने कहा कि स्वर्गीय शास्त्री का संपूर्ण जीवन संगठन व राष्ट्रवादी विचारों को अग्रसारित करने को समर्पित रहा। वर्तमान परिप्रक्ष्य में भी वह पार्टीजनों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।राज्यसभा सदस्य बंसल ने कहा कि स्वर्गीय देवेंद्र शास्त्री के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जनसंघ, जनता पार्टी व भाजपा नेता के रूप में दिए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि स्वर्गीय शास्त्री गढ़वाल में पार्टी संगठन की नींव रखने वाले नेताओं में शामिल थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र और हिंदुत्व के विचार के प्रति समर्पित रहा। साथ ही जनप्रतिनिधि के रूप में निस्वार्थ भाव से जनसेवा की तो दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को सींचने का भी काम किया।
दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. बालेश्वर पाल, विनय गोयल, स्वर्गीय शास्त्री के पुत्र ऋषिराज डबराल आदि ने भी विचार रखे। संचालन भाजपा के प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी ने किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, विनोद सुयाल, संजीव वर्मा, कमलेश उनियाल, इंदुबाला, चौधरी अजीत सिंह, मधु भट्ट, शादाब शम्स आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- उक्रांद: राज्य आंदोलन में अहम भूमिका, मगर अब सियासी परिदृश्य से नदारद