नौकरी न मिलने पर इंजीनियर बन गया चरस तस्कर, पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News
नौकरी न मिलने पर बीटेक पास युवक ने नशीले पदार्थों की तस्करी का रास्ता चुन लिया। वह छात्रों को चरस की सप्लाई करने लगा। पुलिस ने उसे 300 ग्राम चरस के साथ पकड़ लिया।
देहरादून, जेएनएन। नौकरी न मिलने पर बीटेक पास युवक ने नशीले पदार्थों की तस्करी का रास्ता चुन लिया। लालकुआं से देहरादून आकर वह छात्रों को चरस की सप्लाई करने लगा। राजपुर थाना पुलिस ने उसे 300 ग्राम चरस के साथ पकड़ लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
राजपुर थाना पुलिस के अनुसार बीती रात पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक को रोककर उससे पूछताछ की गई तो वह सकपका गया। शक होने पर युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास चरस मिली। आरोपित की पहचान रवि यादव एकड़ कॉलोनी, थाना लालकुआं नैनीताल हाल निवासी मसूरी रोड निकट मालसी पेट्रोल पंप के रूप में हुई।
एसओ अशोक राठौर ने बताया कि आरोपित मूल रूप से गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। उसके पिताजी लालकुआं पेपर मिल में नौकरी करते थे। इसके चलते उसका परिवार गोरखपुर से लालकुआं आया और यहीं बस गया।
बीते वर्ष पास किया था बीटेक
एसओ अशोक राठौर ने बताया कि आरोपित बीटेक पास है। उसने देहरादून के एक कॉलेज में वर्ष 2016 में बीटेक में प्रवेश लिया था। 2019 में पास आउट होने के बाद से वह नौकरी की तलाश कर रहा था। पुलिस को पूछताछ में आरोपित ने बताया कि नौकरी न मिलने से वह काफी परेशान था।
इसी बीच रुपयों की ज्यादा जरूरत पडऩे पर उसने हल्द्वानी में अपने दोस्त कप्पू से संपर्क किया। जिसने उसे दून में चरस बेचने का सुझाव दिया। इसके लिए 15-20 दिन पहले रवि ने देहरादून आकर मसूरी रोड पर किराये पर कमरा लिया। हल्द्वानी से चरस खरीदकर वह यहां छात्रों को मोटे दाम पर बेचता था। चंद दिनों में ही वह कई लोगों को चरस बेच चुका है। जिस वक्त युवक को पकड़ा गया, वह चरस की डिलीवरी देने जा रहा था।
एसटीएफ ने इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार
एसटीएफ ने विभिन्न मामलों में वांछित इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ दिल्ली और सहारनपुर में भी सात मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ निरीक्षक विनोद गुसाईं के नेतृत्व में गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान मोहन निवासी खानपुर, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि वह नौ माह से फरार था। उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सरसावा-यमुनानगर हाईवे से गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें: प्रतिबंधित गोलियां और इंजेक्शन के साथ एक गिरफ्तार Dehradun News
हरिद्वार के रानीपुर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल सवारों ने एक महिला के गले से सोने की चेन लूट ली थी। इस घटना की विवेचना के दौरान आरोपित हरिओम निवासी खानपुर, शामली (उत्तर प्रदेश) को रानीपुर थाना पुलिस ने कुछ समय पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने घटना में मोहन की भी संलिप्तता कबूल की थी।
यह भी पढ़ें: स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, छात्रों को करते थे सप्लाई Dehradun News