जंगल में चारा पत्ती लेने गई महिला को हाथी ने किया घायल
रायवाला क्षेत्र के मोतीचूर रेंज के सत्यनारायण सेक्सन में चारा पत्ती लेने गई एक महिला को हाथी ने पटक कर घायल कर दिया। साथी महिला उसे कंधे पर उठाकर गांव तक लायी।
रायवाला, [जेएनएन]: जंगल में चारा-पत्ती लेने गई महिला को हाथी ने पटक कर घायल कर दिया। साथी महिला ने घायल महिला को कंधे में उठाकर गांव तक लाई, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया।
घटना मोतीचूर रेंज के सत्यनारायण सेक्सन की है। शुक्रवार सुबह को जंगल में चारापत्ती लेने गई झूमा देवी (36 वर्ष) पत्नी भगवान सिंह को हाथी ने पटक दिया। हाथी ने उसे उछाल कर दूर फेंका ओर फिर दूसरी महिला के पीछे दौड़ने लगा। दूसरी महिला सावित्री देवी जान बचाकर भाग निकली। हाथी ने काफी दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह खुद को बचाने में कामयाब रही।
इस बीच घायल महिला झूमा किसी तरह एक बड़े पेड़ तक पहुंची और उसकी ओट में छिपकर अपनी जान बचाई। हाथी के चले जाने के बाद सावित्री देवी वहां से करीब एक किलोमीटर दूर तक झूमा को कंधे पर उठाकर गांव तक लाई।
सेवा 108 की मदद से घायल महिला को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, मोतीचूर के रेंज अधिकारी विकास रावत ने फिलहाल घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: देवर के साथ सीतावनी घूमने गई महिला को हाथी ने कुचला
यह भी पढ़ें: राजाजी पार्क में आपसी संघर्ष में नर हाथी की गई जान
यह भी पढ़ें: रायवाला में हाथी ने रौंद डाली गेहूं की फसल, किसान भयभीत