विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बसों के लिए खुला श्रीनगर मार्ग, ट्रकों को अभी इंतजार

By Sumit KumarEdited By:
Published: Thu, 24 Dec 2020 03:32 PM (IST)Updated: Thu, 24 Dec 2020 06:42 PM (IST)

ऑलवेदर रोड की कटिंग के चलते पिछले छह माह से बंद श्रीनगर मार्ग आखिर बड़ी यात्री बसों के लिए खोल ...और पढ़ें

ऑलवेदर रोड की कटिंग के चलते बंद श्रीनगर मार्ग आखिर बड़ी यात्री बसों के लिए खोल दिया गया है।
ऑलवेदर रोड की कटिंग के चलते बंद श्रीनगर मार्ग आखिर बड़ी यात्री बसों के लिए खोल दिया गया है।

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: ऑलवेदर रोड की कटिंग के चलते पिछले छह माह से बंद श्रीनगर मार्ग आखिर बड़ी यात्री बसों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि मालवाहक वाहनों को अभी इस मार्ग पर आवागमन के लिए एक सप्ताह तक इंतजार करना होगा। गुरुवार को ऋषिकेश से श्रीनगर मार्ग पर जाने वाली लोकल रोटेशन की बसें इसी मार्ग से संचालित हुई। जबकि रोडवेज ने शुक्रवार से इस रूट पर वाहनों का संचालन करने का निर्णय लिया है।

ऋषिकेश बदरीनाथ मार्ग को ऑलवेदर रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। ऋषिकेश से श्रीनगर के बीच तोताघाटी का जोन सबसे संकरा था, जिसकी कटिंग में कार्यदायी संस्था को खासी मशक्कत करनी पड़ी। जुलाई माह में इस रूट को कटिंग के लिए बंद कर दिया गया था। जिसके बाद ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को वाया चंबा, गडोलिया, पौखाल, मलेथा होते हुए श्रीनगर के लिए भेजा जा रहा था। कटिंग का काम पूरा होने के बाद अक्टूबर माह में इस रूट को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया था। मगर, पुस्ते निर्माण और ड्रेसिंग का काम शेष रहने के कारण बड़े वाहनों के लिए इस मार्ग को नहीं खोला गया था। आखिर बुधवार देर रात जिलाधिकारी टिहरी ने इस मार्ग पर यात्री बसों के संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है।

ऋषिकेश श्रीनगर मार्ग पर लोकल रोटेशन की करीब 60-70 सेवाओं के अलावा परिवहन निगम की ऋषिकेश, देहरादून व हरिद्वार डिपो की दस बसें संचालित होती हैं। लॉकडाउन खुलने के बाद से ही इन बसों का संचालन वाया चंबा श्रीनगर के लिए किया जा रहा था। गुरुवार को सुबह से ही लोकल रोटेशन ने अपनी सेवाओं का संचालन इसी रूट पर शुरू कर दिया। उधर, परिवहन निगम ने शुक्रवार से श्रीनगर रूट पर बसों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। सहायक महाप्रबंधक ऋषिकेश डिपो पीके भारती ने बताया कि ऋषिकेश डिपो की श्रीनगर रूट पर सात सेवाएं हैं। जबकि एक सेवा हरिद्वार व दो देहरादून डिपो की संचालित होती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से इस रूट पर बसों का संचालन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें-उत्‍तराखंड में हेलीपैड बनाने की राह हुई आसान, मानकों में दी गई ढील

कीर्तिनगर के उप जिलाधिकरी आकांक्षा वर्मा ने बताया कि ऋषिकश से श्रीनगर के बीच तोताघाटी में मार्ग को दुरुस्त कर दिया गया है। जिसके बाद यहां यात्री बसों के संचालन की अनुमति जिलाधिकारी की ओर से जारी कर दी गयी है। मालवाहक वाहनों के लिए अभी कार्यदायी संस्था ने करीब एक सप्ताह का समय मांगा है। वहीं, यातायात एवं पर्यटन सहकारी संघ लिमिटेड के अध्‍यक्ष मनोज ध्‍यानी ने बताया कि  बुधवार को देर रात आदेश जारी होने के बाद ऋषिकेश-श्रीनगर मार्ग पर गुरुवार दोपहर से वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। हमारी करीब 60-70 सेवाएं प्रतिदिन इस मार्ग पर संचालित होती हैं। इस मार्ग के खुलने से अब दूरी के अलावा समय की भी बचत होगी।

50 किलोमीटर की दूरी हुई कम

ऋषिकेश-श्रीनगर मार्ग के खुलने से अब करीब 50 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी कम हो गयी है। अब तक वाया चंबा, गडोलिया, मलेथा होते हुए श्रीनगर जाने में बसों को 50 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा था, जिससे यात्रियों को भी 70 से 80 रुपये अधिक किराया चुकाना पड़ रहा था। मगर, अब अधिक दूरी और किराया के अलावा समय रूट खुलने से समय की भी बचत होगी।

यह भी पढ़ें-इसरो बताएगा दून में किन कारणों से होता है जलभराव, पढ़िए पूरी खबर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।