देहरादून के राजपुर रोड पर तेज रफ्तार का कहर, नशे में धुत चालक ने होमगार्ड को मारी टक्कर
देहरादून के राजपुर रोड पर एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने होमगार्ड कर्मी नवीन फरासी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए।

राजपुर रोड हादसे के बाद डिवाइडर पर चढ़ी कार। वहीं, हादसे में घायल होमगार्ड कर्मी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। तमाम प्रयासों के बावजूद भी राजपुर रोड पर रफ्तार का कहर लगातार जारी है। डायवर्जन के निकट तेज गति से चल रही लाल रंग की स्कोडा कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक होमगार्ड कर्मी को टक्कर मार दी और इसके बाद डिवाइडर पर चढ़ गई।
कार की गति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि डिवाइडर पर लगाए गए लोहे के एंगल भी टेढ़े हो गए। इस घटना में मार्निंग वाक कर रहे कुछ लोग बाल-बाल बचे।
उन्हीं ने ही पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। कार में एक युवक व एक युवती सवार थे, बताया जा रहा है कि युवक नशे में धुत था।
प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि घटना शुक्रवार प्रात: 5:30 बजे की है। वह पड़ोसी विजय खनेजा के साथ मार्निंग वाक पर निकले थे।
लौटते वक्त लाल रंग की स्कोडा कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे होमगार्ड के कर्मचारी नवीन फरासी को टक्कर मार दी और इसके बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
इस घटना में होमगार्ड का कर्मचारी बेहोश हो गया। कार में एक युवक व एक युवती सवार थे। घटना के बाद दोनों ने कार सहित भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने युवक को पकड़ लिया। बताया कि युवक नशे में धुत था।
विजय खनेजा ने कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना दी। 6:32 बजे पुलिस के एक सिपाही रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और कुछ देर बाद एंबुलेंस भी पहुंच गई। घायल होमगार्ड कर्मी नवीन फरासी के परिवार से भी कुछ लोग पहुंच गए।
घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। पुलिस आरोपित युवक को अपने साथ ले गई। सुरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि वह साइड नहीं हटते तो कार उन्हें भी चपेट में ले सकती थी।
12 मार्च 2025 की रात को भी हुआ था भीषण हादसा
राजपुर रोड पर 12 मार्च 2025 को तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे छह श्रमिकों को कुचल दिया था। इस हादसे में चार श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के समय आरोपित चालक अपने 12 साल के भांजे को रेस्तरां में डिनर कराकर लौट रहा था। स्कूटी पर सवार दो लोगों को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और राहगीरों को कुचल दिया।
घटना के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और कार सहस्रधारा रोड के एक खाली प्लाट से मिली।
यह भी पढ़ें- बरगी क्रूज हादसा : अलर्ट के बावजूद घोर लापरवाही, बिना लाइफ जैकेट सवार थे पर्यटक; जांच में चौंकाने वाले खुलासे
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर उत्तराखंड की वोल्वो बसों पर पथराव, यात्रियों में मचा हड़कंप
